
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज तेलंगाना के दौरे पर रहेंगे. मोदी हैदराबाद के बेगमपेट हवाईअड्डे पर दोपहर 2.20 बजे उतरेंगे. वहां से वे गजवेल के लिए अपरान्ह 3 बजे हेलीकॉप्टर से रवाना होंगे.
गजवेल में अपनी डेढ़ घंटे की यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री राज्य के विभिन्न हिस्सों की कई योजनाओं का रिमोट के माध्यम से उद्घाटन या शिलान्यास करेंगे.
मोदी गजवेल मंडल के कोमातीबंदा में ‘मिशन भागीरथ’ की शुरूआत करेंगे. यह मिशन जल ग्रिड परियोजना है जिसका उद्देश्य आगामी चार वर्षों में तेलंगाना के सभी घरों में पेयजल उपलब्ध कराना है.
मोदी करीमनगर मंव रामागुंडम उर्वरक फैक्टरी की मरम्मत, वारंगल में कालोजी स्वास्थ्य विश्वविद्यालय, मेडक जिले में कोटापल्ली-मनोहराबाद रेल लाइन के निर्माण और एनटीपीसी द्वारा 1600 मेगावाट की ताप विद्युत परियोजना की आधारशिला रखेंगे.
प्रधानमंत्री सिंगरेनी कोलियरिज द्वारा बनायी गयी 1200 मेगावाट की विद्युत परियोजना को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. मेडक जिले के गजवेल में मोदी और मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव द्वारा संयुक्त सभा के संबोधन में करीब डेढ़ लाख लोगों के आने की संभावना है.
इसके बाद मोदी शाम 5 बजे हैदराबाद में लाल बहादुर स्टेडियम में पार्टी के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. वह राजग सरकार की विभिन्न योजनाओं और कल्याणकारी उपायों पर विस्तृत चर्चा करेंगे.