Showing posts with label उत्तरप्रदेश. Show all posts
Showing posts with label उत्तरप्रदेश. Show all posts

विवादों मे घिरा (जलपरी) का अभियान

कानपुर से 570 किलोमीटर गंगा में तैरकर वाराणसी जाने का दावा करने वाली ‘‘जलपरी’’ के नाम से मशहूर श्रद्धा शुक्‍ला का अभियान विवादों में घिर गया है। 
राष्‍ट्रीय पुरस्‍कार विजेता फिल्‍मकार विनोद कापड़ी का आरोप है कि श्रद्धा देश के लोगों को भम्र में रखने की कोशिश कर रहीं है।वह अपने इस अभियान के दौरान ज्‍यादातर नांव पर ही रहती है।वह तैराकी के लिए उसी समय उतरती हैं ,जब या तो कोई घाट आने वाला होता है या आस-पास लोगो भीड़ ज्‍यादा हो।

फिल्‍मकार विनोद कापड़ी, श्रद्धा के अभियान को लेकर एक फिल्‍म ‘जलपरी’ बना रहे हैं। उन्‍होने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह इस अभियान की खबरों को लेकर उत्‍साहित होकर वह यहां  डॉक्‍यूमेंट्री फिल्‍म बनाने पहंचे थे,लेकिन जब वह जलपरी के अभियान में तीन दिन साथ रहें तो उन्हें निराशा हुई।उन्‍होनें कहा कि यह अभियान सिर्फ छलावा है इससे देश के लोगो को गुमराह किया जा रहा है।

कापड़ी ने कहा कि अब वह अपनी डॉक्‍यूमेंट्री में यह दिखायेंगे कि इस अभियान के दौरान जलपरी 80-100 किलोमीटर नही बल्कि सिर्फ 2-3 किलोमीटर ही तैरा करती थी। बाकी समय वह नांव मे बिताती है।दरअसल 80-100 किलोमीटर की जिस दूरी का दावा किया जाता है,वह नांव के चलने की दूरी होती है।

डॉक्‍यूमेंट्री मे जलपरी के साथ चल रहे नौका दल प्रमुख मान सिंह पासवान,पिंटू निषाद और राममिलन निषाद का इंटरव्‍यू लिया गया है।कापड़ी का दावा है कि तीनों ने ही इस डॉक्‍यूमेंट्री मे खुलासा किया है कि पहले दिन से ही लोगो को भ्रम मे रखने की कोशिश चल रही है,जिसे देखकर उन्‍हें अफसोस होता था लेकिन वह क्‍या कर सकते थे कोई उनसे बात ही नहीं  करता था।

कापड़ी ने कहा कि उन्‍हें बच्‍ची से हमदर्दी है। यह सब वो नही बल्कि उसके पिता कर रहे है।उन्‍होने कहा कि कई जगह बच्‍ची को गंगा मैय्या का अवतार मानकर लोग उसकी आरती उतार रहे हैं, उसके पैर तक छू रहें है।लाखों लोगो की आस्‍था और विश्‍वास को देखते हुए ही उन्‍होने सच सामने लाने का फैसला किया है।

वहीं श्रद्धा के पिता ललित शुक्‍ला का कहना है कि डॉक्‍यूमेंट्री बनाने वाले लोग उनकी ही नांव पर सवार थे,जिन्‍हे इलाहाबाद मे उतार दिया गया था,हो सकता है इसलिए वह ऐसे आरोप लगा रहे हों।

आठ लुटेरे इंजीनियर गिरफ्तार, दो करोड़ का सामान बरामद

मेरठ पुलिस ने दिल्ली रोड स्थित शॉपरिक्स मॉल के पास से आठ इंजीनियर को गिरफ्तार कर लूट का खुलासा किया है। इनके पास से रिलायंस के लूटे गए करीब दो करोड़ के माल बरामद किए गए हैं। डकैती डालने के बाद माल को इंजीनियर लुटेरे करोड़ों रुपयों में ऑनलाइन बेच रहे थे। मेरठ आईजी (जोन) सुजीत पांडे ने पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता करते हुए गुरुवार को एक बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सूचना के आधार पर आठ इंजीनियरों को दिल्ली रोड स्थित शॉपरिक्स मॉल के पास से गिरफ्तार किया, जिनके पास से 4जी के महंगे उपकरण हैं।

उन्होंने बताया कि अभी बदमाशों के पास से 2 करोड़ के ही उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि सभी शातिर बदमाश आई कार्ड के साथ यूनिट पर जाकर रिलायंस के अधिकारी बनकर जांच करते थे। इस दौरान कर्मचारियों को बांधकर लूट करते थे।

तीन जगह लूट करने के बाद बदमाशों ने पल्लवपुरम में वारदात को अंजाम देने के लिए योजना तैयार कर ली थी। वे ऑनलाइन लूटे हुए उपकरण की बिक्री करते थे। बताया जा रहा है कि कई करोड़ के उपकरण विदेश भी बेचे गए हैं। पुलिस फिलहाल जांच कर रही है।

चुनाव के मद्देनजर संगठन मजबूत करने में जुटी सपा

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव-2017 की प्रक्रिया इस वर्ष के अंतिम माह में प्रारंभ होने की संभावना को देखते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) ने बूथ स्तर तक अपने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है।

समाजवादी पार्टी लगाएगी शिविर

समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि इसी के मद्देनजर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक सितंबर से सात सितंबर तक विधानसभा क्षेत्रवार बूथ कमेटियों के प्रभारियों तथा सदस्यों के प्रशिक्षण शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं।

इन शिविरों में बूथ कमेटी के सदस्यों को चुनाव की तैयारी के साथ मतदान के दिन उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों की जानकारी दी जाएगी। बाढ़ प्रभावित जनपदों के क्षेत्रों के कार्यक्रम सुविधानुसार तिथियों में किए जा सकेंगे।

समाजवादी पार्टी द्वारा समस्त जिला/महानगर अध्यक्ष, महासचिव, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, राष्ट्रीय तथा राज्य कार्यकारिणी के पदाधिकारीगण, सदस्यगण, जिला पंचायत अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष, प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष, विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी तथा प्रमुख नेतागण के नाम जारी परिपत्र में बूथ कमेटी के सदस्यों के माध्यम से प्रदेश में लागू विकास योजनाओं की जानकारी गांवो में जन-जन तक पहुंचाने को भी कहा गया है।

उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में औसतन 3 से 4 हजार तक बूथ कमेटियों के प्रभारी तथा सदस्य इन सम्मेलनों में शामिल होंगे। प्रदेश कार्यालय से प्रत्येक जनपद के लिए एक नेता को नामित किया गया है जो कार्यक्रम का संचालन करेगा। जिला व महानगर अध्यक्ष विधानसभा क्षेत्रवार कार्यक्रम तैयार कराकर इसे सफल बनाना सुनिश्चित करेंगे। क्षेत्रीय विधायक अथवा घोषित प्रत्याशी द्वारा विधानसभा अध्यक्ष के सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

तय कार्यक्रम के अनुसार जनपद में एक दिन में केवल एक विधानसभा क्षेत्र में ही कार्यक्रम रखा जाएगा ताकि जनपद के सभी वरिष्ठ नेतागण प्रत्येक शिविर में शामिल हो सके। विधायकों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं की प्रगति से संबंधित होर्डिग तैयार कराकर लगवाएं ताकि समाजवादी सरकार की उपलब्धियों का अच्छा प्रचार-प्रसार हो सके।

मायावती पर फिर गरजे स्‍वामी, कहा- विस चुनाव के बाद चौथे नंबर पर होगी बसपा

उत्‍तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए स्‍वामी प्रसाद मौर्या ने सोमवार को फिर बसपा सुप्रीमों पर जमकर अपनी भड़ास निकाली। उन्‍होने कहा कि यूपी में आगामी विधानसभा से पहले मायावती अकेली रह जाएंगी।

भाजपा में शामिल होने के बाद पहली बार मैनपुरी और एटा पहुंचे स्वामी के तेवर मायावती पर काफी आक्रामक थे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्‍होने कहा कि बसपा प्रदेश में एक नंबर की पार्टी थी।

हमारे इस्तीफा के बाद यह तीसरे पायदान पर पहुंच गई है। 2017 के चुनाव के बाद मायावती चौथे पायदान पर खड़ी होती दिखाई देगी। उन्‍होने कहा कि भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार होगी।

उन्होंने कहा कि मायावती को सिर्फ पैसा गिनना आता है। वह ना तो कार्यकर्ता का  सम्मान करना जानती है ना ही सरकार बनाना। जो पैसा दे देता है उसी को टिकट दे दिया जाता है।

मंदिर मुद्दे पर भी स्वामी प्रसाद मौर्य खुलकर बोले। उन्होंने कहा कि मंदिर मुद्दे पर जो अदालत का निर्णय है वही मान्य होगा। मैनपुरी के अलग अलग स्थानों पर स्वामी प्रसाद मौर्य का जोरदार ढंग से स्वागत हुआ।

उत्‍तर प्रदेश के 20 खिलाडि़यों को मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने किया सम्‍मानित

उत्‍तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को सीएम आवास पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाडिय़ों को सम्मानित किया।

सम्‍मानित होने वाले खिलाडि़यों में 11 महिला खिलाडिय़ों को रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार और नौ पुरुष खिलाडिय़ों को लक्ष्मण पुरस्कार से नवाजा गया। कुल 20 खिलाड़ी सम्‍मानित किए गए।

ओलंपिक में प्रतिभाग करने वाले खिलाडिय़ों को 10-10 लाख रुपये का चेक व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह में पद्मश्री स्व. मोहम्मद शाहिद की पत्नी परवीन और बेटे सैफ ने पुरस्कार प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने रानी लक्ष्मीबाई व लक्ष्मण पुरस्कार प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों को तीन लाख 11 हजार रुपये का चेक, प्रशस्ति पत्र व कांस्य प्रतिमा प्रदान किया। समारोह में क्रिकेटर सुरेश रैना व दीप्ति पुरस्कार लेने नहीं पहुंच सके।

वर्ष 2014 के लिए लक्ष्मण पुरस्कार पाने वाले खिलाडि़यों में  मुहम्मद शाहिद हॉकी (वाराणसी) विजय सिंह चौहान एथलेटिक्स (लखनऊ) सचिन कुमार भारद्वाज हैंडबाल (मऊ), अंशू तोमर कुश्ती (बागपत), मनु अत्री बैडमिंटन (मेरठ), आदित्य सिंह राणा जिमनास्टिक (इलाहाबाद) शामिल रहे जबकि रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार पाने वाली महिला खिलाडि़यों में पूनम यादव भारोत्तोलन (वाराणसी), सीमा पुनिया एथलेटिक्स (मेरठ), सिमरन भारती साफ्ट टेनिस (लखनऊ), अंशू तोमर कुश्ती (बागपत), ऋतुषा आर्या हॉकी (इलाहाबाद) सम्‍मानित हुए। वर्ष 2016-17 के लिए लक्ष्मण पुरस्कार पाने वालों में कमलेश कुमार शुक्ला साफ्टटेनिस (गोरखपुर), अनुभव प्रताप सिंह शूटिंग (मेरठ), सुरेश रैना क्रिकेट (गाजियाबाद), सुजीत कुमार श्रीवास्तव हॉकी (लखनऊ) और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्‍कारों में प्रियंका सिंह कुश्ती (मेरठ), योगिता कुमारी साफ्ट टेनिस (इलाहाबाद), श्रृष्टि अग्रवाल हैंडबाल (इलाहाबाद), दीप्ति शर्मा क्रिकेट (आगरा) पुष्पा श्रीवास्तव हॉकी (इलाहाबाद)।

उत्‍तर प्रदेश के खिलाडि़यों को सरकार का सम्‍मान

रैना दलीप ट्राफी के कारण समारोह में नहीं आए, जिनका पुरस्कार उनके भाई दिनेश रैना ने प्राप्त किया। वहीं महिला क्रिकेटर दीप्ति शर्मा बेंगलुरु कैंप में होने के कारण सम्मान समारोह में शामिल नहीं हो सकीं। दीप्ति के भाई ने पुरस्कार प्राप्त किया। जीतू राई भी दिल्ली में होने के कारण उपस्थित नहीं हो सके।

पुरस्कार वितरण के दौरान एशियन गेम्स में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाली सुधा सिंह ने मुख्यमंत्री से सरकारी नौकरी की मांग की। सुधा ने ओलंपिक में भी प्रतिभाग किया था। उन्होंने मुख्यमंत्री को अपना बायोडाटा सौंप दिया और खेल विभाग में नौकरी दिलाने की बात कही।

रियो ओलंपिक में मेरठ के संदीप तोमर ने कुश्ती में, बुलंदशहर के मेराज अहमद और लखनऊ के जीतू राई ने निशानेबाजी में, मेरठ के मनु अत्री ने बैडमिंटन में, रायबरेली की सुधा सिंह, मेरठ की सीमा पुनिया और आगरा के अंकित शर्मा एथलेटिक्स में, इलाहाबाद के दानिश मुज्तबा, मेरठ की वंदना कटारिया और गोरखपुर की प्रीति दुबे ने हॉकी में देश का प्रतिनिधित्व किया था। इन सभी खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया गया।

आरुषि-हेमराज हत्याकाण्ड नूपुर तलवार को मिली तीन हफ्तों की पैरोल

नोएडा के बहुचर्चित आरुषि-हेमराज हत्याकाण्ड में उम्रकैद की सजा काट रही आरुषि की मां नूपुर तलवार को हाईकोर्ट से सोमवार को तीन हफ्ते की पैरोल मिली है| सीबीआई कोर्ट ने बेटी और नौकर के सनसनीखेज़ हत्याकाण्‍ड में तलवार दंपति को दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। नूपुर ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में पैरोल पर रिहाई की अर्जी लगाई थी, जिसे मंजूर कर लिया गया है।

नूपुर को यह पैरोल ट्रायल कोर्ट के फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में दाखिल अपील की तैयारी के लिए मिली है। सितंबर के अंतिम हफ्ते में उनकी अपील पर सुनवाई होनी है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस वीके नारायण की बेंच ने पैरोल पर रिहाई का आदेश दिया है। सितंबर में तलवार की अपील पर डे-टू-डे बेसिस पर सुनवाई होगी।

हत्‍याकांड के पांच साल बाद हुई थी सज़ा

मई 2008 में अपनी बेटी और घरेलू नौकर की हत्या का दोषी पाए जाने पर नवंबर 2013 में डॉ. राजेश तलवार और डॉ. नूपुर तलवार को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी. फैसला सुनाए जाने के तत्काल बाद तलवार दंपति को गाजियाबाद की डासना जिला जेल भेज दिया गया था।

जस्टि‍स श्याम लाल ने सबूतों को मिटाने के लिए तलवार दंपति को इसके अलावा पांच वर्ष की अतिरिक्त सजा सुनाई थी। साथ ही जांच के दौरान गलत सूचना देने के लिए उन्होंने राजेश तलवार को एक साल की अतिरिक्त सजा सुनाई थी।

हापुड़ में बरामद हुई 953 पेटी शराब, कीमत पचास लाख से भी ज्यादा

थाना बाबूगढ़ के उपैडा फ़्लाई ओवर पर आबकारी टीम ने चेकिंग के दौरान पचास लाख रूपये से ज्यादा की शराब बरामद की है| ये शराब अरुणाचल प्रदेश से लाई जा रही थी| आबकारी टीम ने शराब से भरे ट्रक सहित एक शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया है|

सूचना के अनुसार, आबकारी इंस्पेक्टर हरिओम सिह और उनकी टीम को मुखबिर की सूचना मिली की एक ट्रक अरुणाचल प्रदेश की शराब लेकर आ रहा है|

इसके बाद थाना बाबूगढ़ के उपैडा फ़्लाई ओवर पर आबकारी टीम ने चैकिग के दौरान ट्रक को पकड़ लिया| इस ट्रक में 953 पेटी शराब बरामद हुई है जिसकी कीमत पचास लाख रूपये बताई जा रही है।

आबकारी टीम ने मौके से एक शराब तस्कर मनोज चावला को भी गिरफतार किया है| शराब तस्कर ने बताया कि ये शराब हरियाणा से होते हुई बनारस ले जानी थी|

कुछ समय पहले भी मनोज चावला को शराब तस्करी में नोएडा पुलिस टीम ने एक हजार शराब पेटी के साथ पकड़ा था| फिलहाल, आबकारी टीम ये पता करने में लगी है कि इतनी बडी मात्रा मे शराब कौन मंगा रहा है|

अब अमेरिका में राष्ट्रपति पद का चुनाव लडेंगे नरेंद्र मोदी

समाजवादी पार्टी के नगर विकास मंत्री आजम खान अक्सर अपने अजीबोगरीब बयानों की वजह से चर्चा में रहते हैं। इस बार उन्होंने अपनी ही पार्टी को डूबता हुआ जहाज बता दिया। आज़म खान से जब पूछा गया कि कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में क्यों शामिल हो रहे हैं। इस पर आज़म ने कहा कि जब जहाज में सुराग हो जाता है और डूबने का खतरा बढ़ जाता है। उस समय सबसे पहले चूहे ही भागते हैं।

आजम खान का बयान
बातों-बातों में आजम खान भूल गए कि उन्होंने अपनी ही पार्टी को डूबता हुआ जहाज बता दिया। फिर बात को घुमाने के लिए आज़म खान ने कहा कि जो नेता पार्टी छोड़ रहे हैं, उन्हें टिकट कटने का डर सता रहा है। इसलिए वो पहले से ही पार्टी छोड़कर भाग रहे हैं।

आज़म खान नरेंद्र मोदी पर भी तंज कसना नहीं भूले, उन्होनें कहा कि अगली बार मोदी जी अमेरिका से चुनाव लड़ेंगे। अमेरिका का प्रेसीडेंट बनना है मोदी जी को, इसलिए भारत की चिंता छोड़ें और अमेरिका जाकर वहां पर काम करें।

मुलायम सिंह के अयोध्या कारसेवकों पर गोली वाले बयान पर आज़म सफाई देते हुए बोले कि नेता जी ने गोली चलाने का फैसला नहीं लिया, वहां पर मौजूद अधिकारियों को जो सही लगा उन्होंने किया। एक भी आदमी मरता है तो दुख होता है।

पूर्व सांसद और फिल्म विकास परिषद् की नई उपाध्यक्ष जया प्रदा पर आज़म ने कहा कि ‘भैय्या देखो, काहे बड़े लोगों के चक्कर में हमें परेशान कर रहे हो, क्‍यों पिटवाओगे, पहले ही एक बार निकलवा चुके हैं हमें।’

दस वर्षीय बेटी कानपुर से काशी 570 Km तैरने गंगा में उतरी

बुलंद इरादे और हौसले के बल पर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराने के लिए कानपुर की दस वर्षीया श्रद्धा शुक्ला गंगा की उफनाती- इठलाती लहरों के बीच तैरकर बनारस तक कुल 570 किलोमीटरका सफर तय करने हेतु 28 अगस्त को कानपुर के मैस्करघाट से गंगा में उतर गई। 

श्रद्धा इलाहबाद तक जाने के दौरान चार स्‍थानों पर रात में रुकेगी। पहला पड़ाव चण्डिका देवी बक्सर उन्नाव, दूसरा पड़ाव फतेहपुर, तीसरा पड़ाव कौशाम्बी और चौथा आखरी पड़ाव इलाहबाद होगा। वह हर रोज लगभग 100 किलोमीटर तैरेगी।

कानपुर से बनारस तक तैराकी के इस सफर में श्रद्धा के साथ दस गोताखोरों का दस्ता उसकी सुरक्षा के लिए गंगा में मौजूद रहेगा, ये गोताखोर 5-5 के ग्रुप में उसके साथ तैरेंगे। इमरजेंसी में निपटने के लिए नाविक के साथ 4 नाव गंगा में हर वक्‍त तैयार रहेगी, जिस पर डॉक्‍टरों की टीम भी होगी।

श्रद्धा के पिता ललित कुमार शुक्ला ने बताया कि श्रद्धा का तैराकी से नाता ढाई साल की उम्र से है। श्रद्धा के बाबा मुन्नू लाल शुक्ला गंगा नहाने के दौरान दो साल की श्रद्धा को भी अपने साथ ले जाने लगे थे। बाबा के साथ गंगा में स्नान करते हुए धीरे- धीरे श्रद्धा की दिलचस्पी तैरने में होने लगी, और कुछ ही महीने में श्रद्धा तैरना सीख गई। चार साल की उम्र होने तक श्रद्धा एक कुशल तैराक बन गई।

श्रद्धा तैराकी के अपने जूनून में मात्र साढ़े पांच साल की उम्र में शुक्लागंज पुल से सिधनाथ घाट तक तैर चुकी है। 2014 में सावन के महीने खतरे के निशान को छू रही गंगा में 16 किलोमीटर की दूरी सरसैया घाट से सिधनाथ घाट तक तैराकी 72 मिनट में तय किया था। इसके बाद श्रद्धा कानपुर से इलाहाबाद तक 270 किलोमीटर तैर कर गई थी। 
श्रद्धा ने तैराकी में कई रिकार्ड बनाये हैं और अब वो चाहती है कि उनका नाम गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज हो। इसके अलावे उसका सपना ओलम्पिक में मेडल जीतने का है।

राम मंदिर बनवाने के लिए सामने आई ये मुस्लिम महिला

राम मंदिर विवाद पर आज तक आपने मुस्लिमों को मंदिर निर्माण के खिलाफ ही देखा होगा। लेकिन अब एक ऐसी मुस्लिम महिला सामने आई है जिसने अयोध्‍या में राम मंदिर के निर्माण की वकालत की है। यह महिला चाहती है कि अयोध्‍या में जल्‍द से जल्‍द राम मंदिर का निर्माण शुरू किया जाए।

बनारस की रहने वाली नाज़नीन नमाज और रोजे की पाबंद तो हैं ही, भगवान राम की भी भक्ति करती हैं। वह हनुमान चालीसा भी पढ़ती हैं। ऐसा करने के पीछे नाज़नीन का मक़सद है कि लोग सभी धर्मों की इज़्ज़त करें।

भगवान शिव की नगरी बनारस में रहने वाली नाजनीन अंसारी धार्मिक सहिष्णुता का जीता जागता उदाहरण हैं। वे न सिर्फ रोज हनुमान चालीसा का पाठ करती हैं बल्कि बच्चों को हनुमान जी के बारे में जानने के लिए प्रेरित भी करती हैं।

बनारस का रस और बनारसी संस्कृति नाजनीन के मिजाज और कामों में साफ झलकती है। हिजाब की पाबंद नाजनीन जन्म और आस्था दोनों से सच्ची मुसलमान हैं। नाज़नीन के मन में धर्म को लेकर कोई द्वंद्व नहीं है।

राजनीतिक रूप से प्रधानमंत्री मोदी की परम समर्थक नाजनीन अंसारी को इस बात पर पूरा भरोसा है कि कोई धर्म आपस मे लड़ना नहीं सिखाता।

अयोध्या में राम मन्दिर को लेकर वह कहती हैं कि, इसके लिए वह हाशिम अंसारी से मुलाकात करेंगी। उनसे अपील करेंगी कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के लिए न सिर्फ वह साथ दें, बल्कि देश के सभी मुस्लिमों से वे खुद भी अपील करें।

मुस्लिम महिला फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नाजनीन अंसारी की ख्वाहिश है कि राम मंदिर का मसला अब सुलझ ही जाना चाहिए। नाजनीन का कहना है कि जिस तरह मक्का मदीना हर मुसलमान के लिए पाक है, वहां कोई दूसरा धर्मस्थल बर्दाश्त नहीं किया जा सकता, उसी तरह अयोध्या हिंदुओं के लिए पाक है। फिर वहां कुछ और कैसे स्वीकार हो सकता है।

राम मंदिर नाजनीन की नजर में

नाजनीन का कहना है कि अयोध्या भगवान श्रीराम की थी और उन्हीं की रहेगी। वह कहती हैं, ‘मंगोलों ने राम मंदिर तोड़ा था लेकिन तोहमत मुसलमानों पर लगाई गई। चंगेज खान का वंशज ही बाबर मंगोल था जिसके पूर्वज हलाकू ने 1258 ई. में इस्लाम के अंतिम खलीफा को मार डाला। इन्हीं मंगोलों की वजह से मुसलमानों का कोई खलीफा नहीं।

बाबर के पूर्वजों ने इस्लाम का सत्यानाश किया। बाबर के सेनापति मीर बाकी ने अयोध्या में राम जन्म स्थान पर बने हुए मंदिर को तोड़कर 1528-29 ई. में मस्जिद बनवाई। वह जगह राम मंदिर की थी और रहेगी।’

यूपी विधानसभा चुनाव पर रणनीति बनाने के लिए आरएसएस तैयार

आगामी यूपी विधानसभा चुनाव को देखते हुए आरएसएस के प्रांतीय प्रचारकों की सालाना बैठक इस बार कानपुर में हो रही है. चुनाव से ठीक पहले हो रही इस बैठक को संघ के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इस बैठक में 2014 के लोकसभा चुनावों में अहम भूमिका निभाने वाले सुरेश सोनी को यूपी चुनावों में अहम जिम्मेदारी मिल सकती है. ऐसा माना जा रहा है कि पिछले दो सालों से संघ से छुट्टी पर चल रहे सहकार्यवाहक सुरेश सोनी का वनवास इस बैठक में खत्म हो सकता है.

इससे पहले 2014 में लोक सभा चुनाव के परिणाम तक सुरेश सोनी संघ के सबसे सक्रिय अधिकारी थे, मोदी सरकार बनने के बाद उन्होंने संघ से छुट्टी ले ली लेकिन सह कार्यवाहक के पद पर बने रहे. अब जब यूपी चुनाव सामने है तो संघ एक बार फिर सुरेश सोनी का वनवास खत्म करके उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप सकता है, यानि सुरेश सोनी एक बार फिर अपनी सक्रियता दिखा सकते हैं.

41 प्रांतो के प्रचार प्रमुख पहुँच चुके हैं
आरएसएस के प्रांत प्रचार प्रमुख मोहन अग्रवाल ने बताया कि 11 जुलाई से बिठूर में प्रांत प्रचारक वर्ग की बैठक में शामिल होने के लिये संघ प्रमुख मोहन भागवत और सर कार्यवाहक भैय्या जी जोशी कानपुर पहुंच चुके हैं. प्रांत प्रचारकों का आना आज भी जारी है करीब 41 प्रांतो के प्रचार प्रमुख आ चुके है. इस बैठक का आयोजन शहर के बाहर बिठूर में एक निजी इंजीनियरिंग कालेज कैम्पस में किया गया है.
छह दिन चलेगा शिविर
गंगा किनारे आरएसएस के इस बड़े शिविर में प्रांत प्रचारकों का छह दिनों का प्रशिक्षण शिविर चलेगा. इस कार्यक्रम में संघ के सभी प्रांत प्रचारक और सह प्रांत प्रचारक हिस्सा ले रहे है. प्रांत प्रचारकों की ये बैठक हर 5 साल पर होती जो इस बार तीन दिनों के इस समर ट्रेनिंग कैंप के साथ ही हो रही है.

साल2011में हुआ था पिछला चिंतन शिविर
इसके पहले प्रांत प्रचारकों का चिंतन शिविर कानपुर में साल 2011 में हुआ था. उस समय भी यह शिविर साल 2012 में हुए यूपी विधानसभा चुनाव के पहले हुआ था. लेकिन साल 2012 में यूपी विधानसभा में बीजेपी को मुंह की खानी पड़ी थी, जबकि सूबे में सपा की सरकार बनी थी. सूत्रों के मुताबिक, 2011 में हुए चिंतन शिविर में साल 2014 में होने वाले लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी के नाम की मोहर लगा दी गई थी. ऐसे में इस बार भी यह चिंतन शिविर यूपी विधानसभा के ठीक पहले किया जा रहा है.

राष्‍ट्रपति जी, मुझे व मेरी बेटी को इच्‍छामृत्‍यु दे दीजिए

उत्‍तर प्रदेश में एक महिला ने बेटी समेत राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी से इच्‍छामृत्‍यु की मांग की है। बलात्‍कार के बाद न्‍याय न मिलने पर महिला ने राष्‍ट्रपति से ये मांग की है।

राष्‍ट्रपति से मांग
मामला कानपुर के काकादेव थाने का है। यहां एक महिला ने अपने जेठ पर रेप करने के आरोप लगाए हैं। साथ ही कहा है कि ससुराल वाले उसे दहेज के लिए प्रताडि़त करते थे। इसकी शिकायत महिला ने काकादेव थाने में दर्ज कराई थी। लेकिन पुलिस ने किसी भी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की।

महिला की शिकायत के बाद बौखलाए ससुराल वालों ने उसपर सरेराह जानलेवा हमला कर दिया। महिला ने इस मामले में अपने ससुर सुभाष अग्रवाल, जेठ कपिल, जेठानी रश्मि व पति रोहित पर आरोप लगाए हैं। महिला ने पुलिस पर भी आरोप लगाए कि पैसे खाने के बाद कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद ही तंग आकर महिला ने राष्‍ट्रपति से यह मांग की है।

मंत्री के दामाद ने की छेड़खानी, विरोध पर चलाई गोली

कल्याणपुर के गुरुदेव चौकी इलाके में सरेराह युवती से छेड़छाड़ की गयी। जनता के विरोध करने पर आरोपी ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली चला दी। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले आयी। आरोपी आकाश यादव खुद को मंत्री जगदेव सिंह यादव का दामाद बता रहा है।

जगदेव सिंह यादव का दामाद

लड़की से छेड़छाड़ करने के आरोप में पब्लिक ने आकाश यादव को पकड़ के पुलिस के हवाले कर दिया। आकाश यादव के परिजन थाने में पुलिस को सत्ता का रौब दिखाते रहे। परिजन बिना तहरीर दिए थाने से चले गए और कहा, हम देख लेंगे कि पुलिस हमारा क्या कर लेगी? इतना ही नहीं आरोपी के परिजनों ने थाने में पत्रकारो से भी बदसलूकी की।

खबरों के मुताबिक पुलिस ने इस मामले में मंत्री जगदेव सिंह से बातचीत की कोशिश की लेकिन कोई जवाब नहीं मिल पाया। इस वजह से पुलिस ने इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं कर पा रही है कि आरोपी शख्‍स मंत्री का ही दामाद है।

मोदी की मदद से सीएम अखिलेश चमकाएंगे अपनी तस्वीर

उत्तरप्रदेश के मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने अपनी सेकुलर छवि बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मदद ली है। अखिलेश ने यूपी के लोगों को गुजरात के तीन तीर्थों की यात्रा कराने का फैसला लिया है। माना जा रहा है कि सीएम अखिलेश इस फैसले से यूपी में अपनी छवि बेहतर करने की कोशिश में हैं।

सीएम अखिलेश की सौगात
सपा सरकार मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से गुजरात के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने वाली है। यूपी के तीर्थ यात्रियों को यह ट्रेन द्वारिका, सोमनाथ और नागेश्वर ले जाएगी। यह यात्रा पूरी तरह से निशुल्क होगी। यह यात्रा 29 जुलाई से चार अगस्त के बीच होगी। इसमें शामिल होने के इच्छुक लोगों को 18 जुलाई तक अपने जिले के डीएम कार्यालय पर आवेदन करना होगा।

पीएम मोदी के प्रधान गिरफ्तार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गोद लिए हुए गांव जयापुर के प्रधान नारायण पटेल व उनके पुत्र राहुल एवं भतीजे मुकेश पटेल को बीती रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्रधान नारायण पटेल व उनके साथियों का गांव  के राजकुमार यादव के साथ काफी दिनों से विवाद चल रहा है। पंचायत चुनाव में भी सपा समर्थित राजकुमार यादव ने नारायण को कड़ी टक्‍कर दी थी। जयापुर के प्रधान को चुनाव के दौरान हुई मारपीट के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया  हैं।

पूर्व प्रधान दुर्गावती के प्रतिनिधि के तौर पर काम करने वाले नारायण गत वर्ष हुए पंचायत चुनाव में मात्र 18 वोटों से जीते थे। नारायण पटेल शुरू से ही विवादों में घिरे रहे हैं। नारायण पटेल से पहले उनके ही परिवार की दुर्गावती 2005 में अपने पति (वर्तमान प्रधान) की मृत्‍यु के बाद हुए उपचुनाव में जीतीं थीं, दुर्गावती पूर्व में हुए पंचायत चुनाव तक गांव की प्रधान रहीं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदर्श ग्राम योजना के अंर्तगत अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के जयापुर गांव को गोद लिया था। प्रधानमंत्री के गोद लेने के बाद रातों-रात जयापुर की तस्‍वीर बदल गई। एक वह दौर था जब जयापुर गांव में न मुकम्मल रास्ते थे, न गरीबों को रहने के वास्ते छत, न बैंक था और न ही पोस्ट आफिस, मगर प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के इस गांव को जैसे ही गोद लिया, गांव का कायाकल्‍प हो गया।

दलितों पर हमले रोकने के लिए प्रधानमंत्री से मांग, रैली निकालकर होगा विरोध

डा. भीमराव अंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस (6 दिसंबर) को देश के लाखों दलितजन दलितों पर हमले के खिलाफ रैली निकालेंगे और साथ ही जयपुर हाईकोर्ट में स्थापित मनु की प्रतिमा के सामने ‘मनुस्मृति’ पुस्तिका जलाकर नाराजगी जताएंगे।

दलितों पर हमले
यह कहना है गुजरात दलित आंदोलन के नायक जिग्नेश मेवानी का। मेवानी शनिवार को लखनऊ विधानसभा मार्ग स्थित अंबेडकर महासभा परिसर में आयोजित दलित मुक्ति विमर्श कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाते हुए कहा, ‘मनुस्मृति दलित विरोधी है और ब्राह्मणवाद को बढ़ावा देती है।’

जिग्नेश ने कहा कि दलित ‘मृत पशुओं को न उठाएं। गटर की सफाई बन्द कर झाड़ू को छोड़ दें। मेवानी ने भूमिहीन दलितों को 5 एकड़ जमीन दिये जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जब तक दलित के पास जमीन नहीं होगी तब तक उसके ऊपर अत्याचार होते रहेंगे।

महासभा के अध्यक्ष डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने कहा कि दलित हमलों को रोकने के लिए प्रधानमंत्री हस्तक्षेप करें और मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाएंं। पूरे देश में दलित आंदोलन को तेज करने के लिए राष्ट्रीय कोर ग्रुप का शीघ्र गठन किया जाएगा।

ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी स्कार्पियो, आठ की मौत

उत्तर प्रदेश में फैजाबाद-आजमगढ़ राजमार्ग पर कुर्की बाजार के निकट शनिवार सुबह ट्रॉली में अनियंत्रित स्कार्पियो के घुस जाने से हुए भीषण हादसे में एक ही कुनबे के 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कुल सवार 9 लोगों में एक मात्र जीवित बचे चालक को आजमगढ़ ले जाया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई गई है। जनपद के जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के नरियांव निवासी हाजी वकील अहमद की तबीयत शुक्रवार रात अचानक बिगड़ गई। उनके इलाज के लिए परिजन स्कार्पियो (यूपी 32 डीएस 0032) से लखनऊ ले जा रहे थे।

भोर में करीब साढ़े पांच बजे सम्मनपुर थाना क्षेत्र के कुर्की बाजार स्थित सावित्री बाई फुले राजकीय बालिका इंटर कालेज के निकट खड़ी मिट्टी लदी ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से स्कार्पियो जा घुसी। इस भीषण हादसे में मौके पर ही आधा दर्जन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

शेष तीन घायलों को जिला अस्पताल लाया गया, जहां दो और लोगों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान हाजी वकील उनके भाई हाफिज मुनीर व बेटा मो.शकील के अतिरिक्त खानदान के ही अब्दुर्रब, कमरुद्दीन, मुकादम के रूप में हुई। मृतकों में दो महिलाए भी शामिल हैं। इनमें एक हाजी वकील अहमद की पत्नी व दूसरी उनकी बहन थी।

मौके पर कई थाने की पुलिस के साथ उच्चाधिकारी भी पहुंचे। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए क्षतिग्रस्त स्कार्पियो व ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है।

मुलायम, अखिलेश दरकिनार, यूपी का ये मंत्री खुद बन बैठा BOSS

उत्‍तर प्रदेश में इन दिनों अखिलेश यादव की सरकार है लेकिन यूपी के परिवहन राज्‍य मंत्री प्रवेंद्र यादव खुद को सबका BOSS बताते हैं। दरअसल प्रवेंद्र यादव की एसयूवी का नंबर UP 32 CX 8055 है। लेकिन उनकी गाड़ी पर यह नंबर कुछ इस स्‍टाइल में लिखा गया है कि वह यूपी के BOSS हों।

अखिलेश यादव को किया दरकिनार
जब सवाल उठा कि ट्रैफिक महकमे के रहनुमा खुद नियमों को ताक पर रख रहे हैं तो कैमरा सामने देखते ही मंत्री जी ने अपना पल्ला झाड़ने की कोशिश की। हालांकि उन्‍होंने ये जरूर कहा कि वह नंबर बदलवा देंगे।

अब सवाल ये है कि ट्रैफिक महकमे की जिम्मेदारी संभालने वाले ही नियम तोड़ने की ऐसी नजीर पेश करेंगे, तो आम आदमी से सड़कों पर सही ढंग से चलने की उम्मीद कौन करेगा। ट्रैफिक अधिकारी उन्हें कंट्रोल कैसे करेंगे।

4G की चाहत ऐसी कि लड़की ने अपने प्यार को सरेआम सड़कों पर पीटा

सरेराह दो प्‍यार करने वाले 4G और  Whats App की दीवानगी में भिड़ गये। मामला था आगरा के कालिन्‍दी विहार इलाके का जहां 4G की चाहत में एक लड़की ने अपने प्रेमी की पिटाई बीच सड़क पर कर दी। लड़की अपने प्रेमी से फोन मांग रही थी जिसमें 4G की सुविधाएं हों।

जानकारी के मुताबिक लड़की के पास एक पुराना नोकिया फोन था। लड़के ने बताया कि उसकी नौकरी नैनीताल की एक निजी फिल्‍म में लग गयी है।

तो लड़की ने आपस में बात होती रही इसलिए लड़के से एक 4G और  WhatsApp वाले फोन की मांग की। लेकिन लड़के ने फोन को नैनीताल से भेजने की बात कही।

लड़की समझ गयी कि उसकी मांग अब पूरी नहीं होने वाली। फिर क्‍या था माहौल बिगड़ गया या कहें माहौल बन गया।

लड़की ने बीच सड़क पर ही लड़के को थप्‍पड़ जड़ दिया। उसके बाद दोनो में मारपीट शुरू हो गयी। बाद में मामले को पुलिस ने थाने में ले जा कर सुलझाया।

चंदौली में फिर मगरमच्छों का आतंक, एक पकड़ा गया

उत्तर प्रदेश के जनपद चंदौली के चकिया इलाके में चंद्रप्रभा नदी किनारे स्थित गांवों में मगरमच्छों का आतंक फैला हुआ है। अब तक मगरमच्छ दो लोगों पर हमलाकर उनकी जान ले चुका है। मगरमच्छों को पकड़ने के लिए वन विभाग पिंजड़ा लगा रहा है।

वहीं रविवार सुबह नदी किनारे फिर मगरमच्छ के बच्चे देखे गए, जिनमें से एक को ग्रामीणों की मदद से वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया।

बीती 21 अगस्त को नदी किनारे भीषमपुर गांव के समीप ग्रामीणों की सूचना पर सात फीट लंबे मगरमच्छ को पकड़ा था। जबकि अन्य मगरमच्छों को पकड़ने के लिए कानपुर से आई एक्सपर्ट टीम ने सिकंदरपुर गांव के समीप दो दिन से शिकारी पिंजड़ा लगाया है। लेकिन मगरमच्छ का आतंक नहीं थम रहा है।

चंद्रप्रभा नदी किनारे बझौली गांव में रविवार की सुबह खेतों से होते हुए लगभग दो किमी दूर दो मगरमच्छ के बच्चे पहुंच गए। इससे ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। ग्रामीणों ने चारों तरफ से घेराबंदी कर जब पकड़ने का प्रयास किया तो एक मगरमच्छ का बच्चा पास ही के तालाब में भाग निकला।

दूसरा लगभग तीन फीट लंबा मगरमच्छ पकड़ा गया। वन दरोगा अखिलेश चौबे ने मगरमच्छ को कब्जे में लेकर चंद्रप्रभा डैम में छोड़ दिया। वहीं दूसरे मगरमच्छ की तलाश जारी है।