
प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी के आह्वान के मद्देनज़र आजादी के 70वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर यहां देशप्रेमी युवाओं की टोली आजादी के रणबांकुरों को नमन करने निकली। रविवार शाम पूरे जोश के साथ ‘देश नहीं झूकने देंगे, देश नहीं मिटने देंगे’ का जज्बा लिए महाराणा प्रताप चौक पर वीर प्रताप को नमन कर ‘जरा याद करो कुर्बानी’ मार्च शुरू किया। हाथों में मोमबत्ती लिए युवाओं की टोली भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष मनीष यादव के नेतृत्व में मार्च में भाग लिया। मार्च में भाजपा जिला अध्यक्ष भूपेंद्र चैहान, वरिष्ठ जिला भाजपा नेता कुलभूषण भारद्वाज, भाजपा महिला की कार्यकर्ताओं ने भी शिरकत की।
इस मौके पर मनीष यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में पहली बार स्वतंत्रता के मौके पर आज़ादी के मतवालों, वीर बांकुरों को हम याद कर रहे हैं। इससे जहां युवाओं में देशभक्ति की भावना का नवसंचार हो रहा है वहीं, वे अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियों से भी अवगत हो रहे हैं। स्वतंत्रता की पूर्व संध्या पर ‘जरा याद करो कुर्बानी’ के साथ ही ‘भारत पर्व’ का उत्साह भी इससे जुड़ा हुआ है।
उन्होंने कहा कि आजादी के वीर शहीद सिर्फ ‘कथानकों’ में ही याद करने के लिए नहीं हैं। उन्हें अपने संकल्पों, मन और विचार में उतारने की जरूरत है।
जिला अध्यक्ष भूपेंद्र चौहान, कुलभूषण भारद्वाज़ ने कहा कि यहीं समय है, जब इस स्वतंत्रता, आजादी को चिरकाल तक बनाए रखने को हम शहीदों की कुर्बानी को नमन करें।