Featured Posts Coolbthemes

कारोबारी की पत्नी को नौकर ने बेरहमी से मारा, मेड पर भी हमला

हल्द्वानी के पॉश इलाके हीरानगर में शुक्रवार को दिनदहाड़े प्रमुख दवा व्यवसायी पंकज कंसल की पत्नी की उन्हीं के नौकर ने चाकू और बेसबॉल बैट से हत्या कर दी। इससे पूर्व नौकर ने किचन में काम कर रही नौकरानी पर भी चाकू और सरिया से वार किया।
नौकरानी के चिल्लाने की आवाज सुनकर ही दवा व्यवसायी की पत्नी उसे बचाने पहुंची थीं। हमले में नौकरानी का हाथ टूट गया। वारदात के बाद हत्यारोपी छत के रास्ते भाग गया। पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी में भी कैद हुई है। नौकरानी के मुताबिक आरोपी नौकर उसके पर्स से 10 हजार रुपये लेकर फरार हुआ है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। व्यवसायी की पत्नी की मौत के शोक में बाजार में दवा की दुकानें बंद रहीं।

हीरानगर निवासी दवा व्यवसायी पंकज कंसल शुक्रवार सुबह रोज की तरह महिला अस्पताल के सामने अपने मेडिकल स्टोर चले गए। बेटा प्रकस कंसल दुर्गा सिटी सेंटर स्थित अपने प्रतिष्ठान पर चला गया और उनकी 11वीं में पढ़ने वाली बेटी स्कूल चली गई। घर में पंकज की पत्नी उमा कंसल (46), नौकरानी रीना (40) और नौकर संतोष (26) मौजूद थे।

करीब 10:30 बजे नौकरानी किचन में खाना बना रही थी तभी संतोष ने नौकरानी रीना पर चाकू और सरिया से हमला कर दिया। बचाव में रीना का हाथ टूट गया और अन्य जगहों पर भी चोट आई। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंची उमा कंसल ने बीच-बचाव का प्रयास किया।

नौकरानी संतोष के चंगुल से छूटकर बाथरूम में जा छिपी। इस बीच, उमा ने बेटे को फोन कर घटना की जानकारी देने लगी।

उमा को फोन करता देख संतोष ने चाकू और बेसबॉल के बैट से उमा पर ही हमला शुरू कर दिया, जिससे उमा बेहोश होकर गिर पड़ीं। इस दौरान संतोष नौकरानी रीना के पर्स से 10 हजार रुपये लेकर छत के रास्ते फरार हो गया। इधर, घटना की जानकारी मिलने पर व्यवसायी का पुत्र और दुकान के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उस समय मकान के दरवाजे अंदर से बंद थे। किसी प्रकार व्यवसायी के कर्मचारी रोशनदान के रास्ते अंदर घुसे और दरवाजा खोला।

गंभीर रूप से घायल उमा को नवाबी रोड स्थित अग्रवाल क्लीनिक ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों ने उन्हें बृजलाल अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन सिर से अधिक खून बहने से उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर एसपी सिटी जसवंत सिंह चौहान, कोतवाल आरएस मेहता सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बेसबाल बैट को छत से बरामद किया। पुलिस आरोपी नौकर की तलाश कर रही है। इधर, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पूछताछ में पता चला कि मुक्तेश्वर के भ्याल गांव का रहने वाला नौकर संतोष व्यवसायी के घर चार सालों से, जबकि नौकरानी करीब 20 वर्ष काम कर रही थी।

एसपी सिटी यशवंत सिंह चौहान ने बताया कि हत्यारोपी नौकर को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की गई है। पुलिस को जांच के दौरान दवा व्यवसायी पंकज कंसल के घर में नौकर संतोष का मोबाइल मिला है, लेकिन उसमें सिम नहीं है। पुलिस ने नौकरानी से पूछताछ की।

घटना के कारणों को जानने के लिए व्यवसायी के कार्यरत अन्य नौकरों से भी पूछताछ की जा रही है। फरार नौकर संतोष का मामा दिनेश भी व्यवसायी के यहां कार्यरत है। एसपी सिटी इस केस की मॉनीटरिंग खुद कर रहे हैं।

हिमाचल 200 गहरी खाई मे गिरी जीप, छह तीर्थयात्रियों की मौत

हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले में शुक्रवार को एक जीप लुढ़ककर 200 फुट गहरी खाई में जा गिरी। इस घटना में छह तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। पीड़ित भरमौर घाटी में स्थित भगवान शिव की पवित्र स्थली, मणिमहेश झील जा रहे थे।
यह दुर्घटना दुघली नाले के पास घटी, जो चंबा जिला मुख्यालय से कोई 20 किलोमीटर दूर है।

मृतकों की उम्र 25 से 30 वर्ष थी। इनकी पहचान पंकज बलोरिया, जसवंत सिंह, अभिनेष, समशेर सिंह, अनिल कुमार और सोनू के रूप में हुई है। सभी कांगड़ा जिले के नगरोटा बागवां में एक गांव के निवासी हैं।

पुलिस उपाधीक्षक वीर बहादुर ने संवाददाताओं से कहा कि वाहन चालक का संभवत: वाहन से नियंत्रण उस समय छूट गया, जब वह सामने से आ रही एक बस को पास दे रहा था। जीप सड़क से फिसल गई और खाई में जा गिरी।

वीर बहादुर ने कहा कि अधिकांश घायलों को चंबा शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

70 फीसदी लोग मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के पक्ष में

कुल 70 फीसदी भारतीय खासकर युवा वर्ष 2019 में नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री चुनने के पक्ष में हैं, वहीं करीब 64 फीसदी महिलाएं इसकी पक्षधर हैं। शुक्रवार को जारी एक ऑनलाइन सर्वेक्षण में यह खुलासा हुआ है। यह सर्वेक्षण न्यूज एप इनशॉर्ट्स ने विपणन एजेंसी इपसॉस के सहयोग से किया। सर्वेक्षण के मुताबिक, नरेंद्र मोदी को दोबारा सत्ता में लाने के सवाल पर 63,141 उपयोगकर्ताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी। 70 फीसदी ने ‘हां’, 17 फीसदी ने ‘नहीं’ तथा 13 फीसदी ने ‘पता नहीं’ में जवाब दिया। यह सर्वेक्षण एप पर ही किया गया।

‘यूथ ऑफ द नेशन पोल’ के द्वितीय संस्करण के मुताबिक, 64 फीसदी महिलाओं ने मोदी को दोबारा सत्ता में लाने के लिए ‘हां’ में जवाब दिया, 18 फीसदी ने ‘नहीं’ तथा 18 फीसदी ने ‘पता नहीं’ में जवाब दिया।

यह सर्वेक्षण 25 जुलाई से 17 अगस्त के बीच किया गया। इसमें हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों की आयु 35 वर्ष से कम थी।

इनशॉर्ट्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) तथा सह-संस्थापक अजहर इकबाल ने कहा, “शासन, राजनीति, व्यापार, करियर व प्रौद्योगिकी, उद्देश्य पर युवा शहरी भारत का दृष्टिकोण पेश कर हम काफी प्रसन्न हैं।”

सर्वेक्षण में आधे से अधिक (57 फीसदी) प्रतिभागी देश के कुछ राज्यों में शराबबंदी के पक्ष में हैं।

यह पूछे जाने पर किक्या कॉलेज परिसर में छात्र राजनीति को बंद कर देना चाहिए, 61 फीसदी ने ‘हां’, 32 फीसदी ने ‘नहीं’ तथा सात फीसदी लोगों ने ‘कह नहीं सकते’ में जवाब दिया।

वहीं छात्रों में 54 फीसदी ने ‘हां’, 37 फीसदी ने ‘नहीं’ तथा नौ फीसदी ने ‘कह नहीं सकते’ में जवाब दिया।

यह पूछे जाने पर कि क्या बीते दो वर्षो में दलितों व अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचार में इजाफा हुआ है, 33 फीसदी ने ‘हां’, 46 फीसदी ने ‘नहीं’ तथा 21 फीसदी ने ‘कह नहीं सकते’ में जवाब दिया।

इप्सोस इंडिया के सीईओ अमित आदरकर ने कहा कि जिस तरीके से युवा देश के विभिन्न मुद्दों पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे हैं, उसमें पैनापन है।

आदरकर ने कहा, “चाहे जो हो आखिरकार ये युवा प्रौद्योगिकी संपन्न व विचार रखने वाले हैं तथा उनका विचार मायने रखता है।”

हिजबुल कमांडर बुरहान वानी की मौत के बाद कश्मीर में बिगड़े हालात से जिस तरह से केंद्र सरकार ने निपटा, उसपर 49 फीसदी प्रतिभागियों ने मुहर लगाई, जबकि 24 फीसदी ने इसपर सवाल उठाए।

पाकिस्तान में हुए दो आतंकी हमलों में 18 लोगों की मौत

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार को हुए दो अलग-अलग आतंकी हमलों में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई। डॉन न्यूज के मुताबिक, पेशावर के क्रिश्वियन कॉलोनी में शुक्रवार सुबह हमले की कोशिश कर रहे चार आतंकवादी सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में मारे गए। इस दौरान एक नागरिक की भी मौत हो गई।
बम निरोधक दस्ते के अतिरिक्त महानिरीक्षक शफाक मलिक ने कहा कि चारों हमलावरों ने अपने आत्मघाती जैकेट में विस्फोट कर खुद को उड़ा लिया।

उन्होंने आगे कहा कि हमलावरों के कब्जे से राइफलें और पांच हथगोले बरामद किए गए हैं।

इंटर सर्विसिस पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) के अनुसार, आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में फ्रंटियर कोर के दो जवान, पुलिस के एक सिपाही और दो चौकीदार घायल हो गए।

डॉन न्यूज के अनुसार, दूसरे हमले में चार अधिवक्ताओं और तीन पुलिसकर्मियों समेत 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 41 अन्य लोग घायल हो गए। यह घटना तब हुई, जब एक आत्मघाती हमलावर ने मरदान जिला एवं सत्र न्यायालय के प्रवेश द्वार के निकट खुद को उड़ा दिया।

मरदान जिले के पुलिस अधिकारी फैसल शहजाद ने कहा कि अपने आत्मघाती जैकेट में विस्फोट करने से पहले हमलावर ने एक हथगोला फेंका।

दोनों हमलों की जिम्मेदारी आतंकी संगठन जमातउल अहरार (जेए) ने ली है। इस संगठन ने गत माह क्वे टा के एक अस्पताल पर हमला किया था। हमले में 73 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें अधिकांश वकील थे।

दैनिक अखबार ‘डेली टाइम्स’ के अनुसार, राष्ट्रपति ममनून हुसैन और प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने हमले की निंदा की है और पीड़ित परिवारों के साथ एकजुटता जाहिर की है।

डॉन न्यूज के मुताबिक, पेशावर और मरदान में हमले देश के पश्चिमत्तोर क्षेत्र में आतंकियों के खिलाफ चल रहे जर्ब-ए-अज्ब अभियान की प्रगति के बारे में आईएसपीआर के महानिदेशक असीम बाजवा द्वारा जानकारी दिए जाने के एक दिन बाद हुए हैं।

अफगानिस्तान में सेना से मुठभेड़ में सात आतंकवादियों की मौत

अफगानिस्तान के बगलान प्रांत में शुक्रवार को हुई एक मुठभेड़ में सात तालिबान आतंकवादियों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हो गए।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, पुलिस ने अपने बयान में कहा कि तालिबान आतंकवादियों के एक समूह ने बुर्का जिले पर हमला किया था लेकिन पुलिस ने विरोध किया और आतंकवादियों को भागने पर मजबूर कर दिया।
पुलिस ने कहा कि अब भी रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी है। साथ ही यह भी आशंका जताई है कि आतंकवादी शुक्रवार रात को हमले कर सकते हैं।