जाकिर नाईक के समर्थन में आया यह 'पुलिसवाला', बोला- कानूनी मदद को तैयार

नई दिल्ली/मुंबई : एक जमाने में अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील को गिरफ्तार कर चुके मुंबई पुलिस के पूर्व एसीपी शमशेर पठान, जाकिर नाईक के समर्थन में आए हैं. पठान ने कहा है कि वो जाकिर को कानूनी मदद के लिए भी तैयार हैं. इस बीच जाकिर की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. भारत के साथ बांग्लादेश में भी जांच चल रही है.
यह है पठान की पहचान
पठान की पहचान यह है कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम का गुर्गा छोटा शकील जब एकमात्र बार मुंबई में गिरफ्तार हुआ था, तो इन्होंने ही उसकी गिरफ्तारी की थी. पठान अवामी विकास पार्टी नाम का एक राजनीतिक दल भी चलाते हैं. इनका कहना है कि जाकिर नायक को अगर किसी भी तरह की कानूनी मदद की जरूरत पड़ी तो यह उसको सहयोग देंगे.
आईबी की नजर पहले ही थी जाकिर पर 
इस बीच इस्लाम के विवादित प्रचारक जाकिर नाईक को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है. जाकिर नाईक पर 2009 से आईबी की नजर थी. 2009 से 2014 तक तीन बार आईबी ने गृह मंत्रालय को अलर्ट किया था. लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं हुई. आईबी ने अपनी रिपोर्ट में जाकिर नाईक के भाषणों को जहरीला और भड़काऊ बताया था.
चंदे की रकम का ‘गलत’ इस्तेमाल
जाकिर की संस्था इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन को मिलने वाले विदेशी चंदे पर भी सवाल उठाए थे. चंदा तो सामाजिक कामों के लिए मिलता था लेकिन आईबी ने अलर्ट किया था कि चंदे से धार्मिक काम किए जा रहे हैं. इसके साथ ही मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर और बीजेपी सांसद ने भी दावा किया है कि उन्होंने जाकिर को लेकर अलर्ट भेजा था.