
पाकिस्तान में एक अग्रणी दैनिक समाचार पत्र ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नवाज शरीफ चार जनरलों में से किसी एक को पाकिस्तान का सेनाध्यक्ष चुन सकते हैं और भारत के बारे में सैन्य अधिकारी के विचार उसकी नियुक्ति का मुख्य आधार होंगे।
पाकिस्तान का सेनाध्यक्ष इनमें से एक होगा
अंग्रेजी अखबार ‘डॉन’ के मुताबिक पाकिस्तान का सेनाध्यक्ष राहील शरीफ की जगह लेने की दौड़ में लेफ्टिनेंट जनरल जुबैर हयात, लेफ्टिनेंट जनरल इशफाक नदीम अहमद, लेफ्टिनेंट जनरल जावेद इकबाल रमादी और लेफ्टिनेंट जनरल कमर जावेद बाजवा शामिल हैं।
अखबार के मुताबिक, प्रधानमंत्री के एक निकटस्थ राजनेता ने कहा कि नवाज शरीफ लगातार संपर्क में रहने वाले अधिकारियों के साथ अपने (नवाज) कामकाजी संबंधों पर विचार करेंगे।
इसके अलावा, देश के राजनीतिक घटनाक्रमों पर उम्मीदवारों की सोच भी निर्णायक होगी। डॉन ने कहा, “इसके लिए यह कहा गया है कि प्रधानमंत्री खुफिया रपटों पर भरोसा कर रहे हैं, जो उन्हें मिल रहीं हैं।”
अखबार ने कहा है कि जिन अन्य बातों पर विचार होने की संभावना है उनमें ‘विदेश नीति मुद्दे, विशेष रूप से भारत के साथ संबंधों पर संभावित उम्मीदवारों के विचार शामिल होंगे।’
अखबार के मुताबिक, संभावित उम्मीदवारों के बारे में प्रधानमंत्री ने सेनाध्यक्ष राहील शरीफ से निजी तौर पर मशविरा किया है।
डॉन ने एक अवकाश प्राप्त जनरल के हवाले से कहा, “जनरल राहील शरीफ विवादास्पद नहीं होना चाहेंगे और न ही चाहेंगे कि वरीयता सूूची को विकृत करने के लिए प्रधानमंत्री उनकी संस्तुति का बहाना बनाएं।”
लेफ्टिनेंट जनरल हयात तोपखाना डिविजन से हैं और ‘चीफ ऑफ जनरल स्टाफ’ (सीजीएस) के रूप में काम कर रहे हैं। उनके पिता मेजर जनरल के रूप मे रिटायर हुए थे और उनके दो भाई भी जनरल हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल नदीम अहमद आजाद कश्मीर रेजीमेंट के हैं और वह मुल्तान कोर कमांडर के रूप में काम कर रहे हैं। लेफ्टिनेंट जनरल रमादी अभी बहावलपुर कोर का नेतृत्व कर रहे हैं। इससे पहले इस्लामाबाद स्थित राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय के अध्यक्ष थे।
डॉन के मुताबिक लेफ्टिनेंट जनरल बाजवा एक अप्रत्याशित उम्मीदवार हैं जिस पर बारीकी से नजर रखने की जरूरत है। कश्मीर और देश के उत्तरी इलाके के मामलों से निपटने का उनके पास लंबा अनुभव है।
डॉन के अनुसार सभी उम्मीदवारों की स्थिति एक जैसी लगती है और दौर में कोई भी किसी से आगे नहीं दिख रहा है। सेनाध्यक्ष राहील शरीफ नवम्बर महीने के अंत में अवकाश प्राप्त करने वाले हैं।