
प्रतापगढ़। कुंडा तहसील के हथिगवां थाना क्षेत्र के मलाक रजाकपुर ग्राम सभा के पूर्व माध्यमिक विद्यालय किलानापुर में तैनात अहिबरनपुर निवासी प्रधानाध्यापक दयाशंकर मिश्र को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वह किशोरवय छात्राओं के साथ अश्लील हरकत और बातचीत करता था।
पुलिस के गिरफ्तार करने से पहले ग्रामीणों ने उसे जमकर पीटा। शिक्षक आए दिन किशोरियों से अश्लील बातें करता था। बताया गया कि सोमवार को उसने मलाक रजाकपुर निवासी कक्षा 7 की एक छात्रा के साथ वही हरकत दोहराई।
मगर, इस बार किशोरी ने इसका विरोध किया। स्कूल की आधा दर्जन अन्य लडकियां भी उसके साथ हो लीं। इन सबने शिक्षक पर अश्लील बातें और छेड़खानी करने का आरोप लगाया और परिजनों को बुला लिया।
लड़कियों की शिकायत पर पहुचे गांव वालों ने शिक्षक की पिटाई कर दी। छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। छात्राओं का कहना था कि शिक्षक आए दिन अश्लील बातें करता था।
वह कभी कहता मम्मी-पापा कहां सोते है। मम्मी तो टांग फैला कर सोती हैं। मम्मी चड्ढी पहनती हैं कि नहीं। इस बार एक छात्रा के साहस करने पर अन्य छात्राएं भी उसके साथ खड़ी हो गईं और शिक्षक को उसकी करनी की सजा दिलवाई।