पंजाब में 5-5 करोड़ में टिकट बेच रहे हैं केजरीवाल!

जो आरोप कभी मायावती पर लगा करता था वो अब आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल पर भी लगने लगा है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कल जारी की है। इसके बाद पार्टी के अंदर बगावत तेज़ हो गई है। कुछ नेता खुलकर यह बात कहने लगे हैं कि पंजाब में आम आदमी पार्टी टिकट बेच रही है। दरअसल पहली लिस्ट में 19 नामों में से सिर्फ एक पुराना वॉलेंटियर है। बाकी ज्यादातर नाम करोड़पतियों और दलबदलुओं के हैं। यहां तक कि दिल्ली के एक करोड़पति ट्रांसपोर्टर को भी टिकट मिल गया है। पार्टी के पुराने वॉलेंटियर्स में इस बात को लेकर काफी नाराजगी भी देखने को मिल रही है। यहां तक कि सांसद सुच्चा सिंह छोटेपुर ने खुलकर विरोध जता दिया है। उनके करीबी हरदीप सिंह किंगरा ने तो आम आदमी पार्टी छोड़ने का एलान कर दिया।

‘5-5 करोड़ में बिक रहे हैं टिकट’

आम आदमी पार्टी की लिस्ट में सिर्फ एक नाम अहबाब सिंह ग्रेवाल का ऐसा है जो 2014 के पहले से आम आदमी पार्टी के वॉलेंटियर रहे हैं। इसके अलावा ज्यादातर उम्मीदवार अकाली दल, बीएसपी और कांग्रेस छोड़कर आए हुए लोग हैं। नाम जाहिर न करने की शर्त पर एक वॉलेंटियर ने बताया कि उनसे 5 करोड़ रुपये की डिमांड की गई थी। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि डिमांड किसकी तरफ से आई थी। इस वॉलेंटियर ने रोपड़ सीट से टिकट के लिए अप्लाई किया था। हालांकि कई लोग राज्य के प्रभारी संजय सिंह पर आरोप लगा रहे हैं।

सांसद सुच्चा सिंह की खुली बगावत

सुच्चा सिंह छोटेपुर ने मोहाली में मीडिया से बातचीत में कहा कि 19 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट दिल्ली से जारी की गई है। पंजाब में जमीन पर पार्टी के लिए काम कर रहे आम वर्करों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि 19 लोगों की लिस्ट में कुछ करप्ट और लैंड माफिया भी शामिल हैं। सुच्चा ने कहा कि “मैं फिलहाल पार्टी नहीं छोड़ूंगा केजरीवाल चाहें तो मुझे निकाल सकते हैं।” दरअसल पंजाब में आम आदमी पार्टी के कुल 4 सांसद जीते थे। इनमें से धर्मवीर गांधी और हरिंदर खालसा को पहले ही सस्पेंड किया जा चुका है। फिलहाल भगवंत मान और सुच्चा सिंह छोटेपुर ही आप में बाकी बचे हैं। सुच्चा की नाराजगी इस बात को लेकर भी है कि पार्टी हाईकमान के इशारे पर एक स्टिंग ऑपरेशन फैलाया जा रहा, जिसमें उन्हें टिकटों के लिए सौदेबाजी करते दिखाया गया है।

पंजाब में बंटवारे की कगार पर आप

शुक्रवार को चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी के दफ्तर पर आम आदमी पार्टी के सैकड़ों वॉलेंटियर्स ने प्रदर्शन भी किया। उनका कहना था कि पैराशूट से उम्मीदवार पंजाब में उतारे जा रहे हैं और अपना खून-पसीना बहाने वालों को अपमानित किया जा रहा है।