बेदर्द दिल्ली: टैंपो से कुचलकर तड़पता रहा, देखकर चलते बने सब, एक ने चुराया मोबाइल

एक बार फिर दिल्ली की बेदिल तस्वीर सामने आई है। दिल्ली के सुभाष नगर में एक टेंपो ने सड़क किनारे जा रहे एक शख्स को पीछे से जोरदार टक्कर मारी। टेंपो की तेज टक्कर के बाद शख्स सड़क किनारे गिर पड़ा। इसके बाद ऑटो चालक रूका उसने जमीन पर पड़े शख्स को देखा और फिर चलता बना।

टक्कर से घायल शख्स घंटे भर से ज्यादा समय तक तड़पता रहा, लेकिन कोई भी रहागीर उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया। आखिरकार हादसे के शिकार हुए शख्स ने सड़क पर ही दम तोड़ दिया। हद तो तब हो गई जब फिर एक और शख्स घायल के पास पहुंचा। मदद के बजाए उसने उसका (घायल शख्स) मोबाइल उठाया और चला गया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आरोपी ऑटो ड्राइवर चालक की तलाश में जुट गई है। फिलहाल  मामले की जांच जारी है।