
नई दिल्ली: पूर्व बीजेपी नेता दयाशंकर सिंह मऊ कोर्ट से जमानत मिलने आज सुबह जेल से रिहा हो गए. जेल से निकलने बाद दया शंकर सिंह ने कहा कि वो अभी लखनऊ जाएंगे और अपनी पत्नी और परिवार से मिलेंगे.
दयाशंकर सिंह को शनिवार को मऊ कोर्ट ने 50000 के निजी मुचलके पर जमानत दे दी। दयाशंकर को बसपा सुप्रीमो मायावती के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द कहने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। दयाशंकर सिंह जुलाई महीने में ही यूपी बीजेपी के उपाध्यक्ष बनाए गए थे।
बीएसपी देगी हाईकोर्ट में चुनौती
आपको बता दें कि जमानत की अर्जी पर लगभग 45 मिनट तक चली बहस के बाद कोर्ट ने यह निर्णय दिया. इस बीच, बीएसपी ने कोर्ट के इस आदेश को हाई कोर्ट में चुनौती देने की बात कही है.
बीएसपी महासचिव सतीश चन्द्र मिश्र ने कहा कि जमानत का आदेश विधिसम्मत नहीं है और इसे हाई कोर्ट में चुनौती दी जाएगी.
मायावती के खिलाफ किया था अपमानजनक शब्दों का प्रयोग
गौरतलब है कि बीजेपी के तत्कालीन प्रदेश उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने गत 19 जुलाई को मऊ में संवाददाताओं से बातचीत में बीएसपी प्रमुख मायावती के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया था. इस मामले में उनके खिलाफ 20 जुलाई को लखनऊ के हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था.
लखनऊ पुलिस और एसटीएफ ने 25 जुलाई को सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद उन्हें 29 जुलाई को बिहार के बक्सर जिले में गिरफ्तार किया था. इसके बाद लखनऊ पुलिस ने मुकदमे को मऊ स्थानान्तरित कर दिया था. सिंह को पिछले सप्ताह कोर्ट में पेश किया गया था. उस वक्त उनकी जमानत याचिका नामंजूर कर दी गयी थी.