नहीं देखूंगा अमिर की फिल्म: IPS अमिताभ ठाकुर

लखनऊ: IPS अधिकारी अमिताभ ठाकुर और उनके परिवार ने फिल्म अभिनेता आमिर खान की अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में उनकी फिल्मों को न देखने का निश्चय किया है।

साथ ही उन्होंने सभी भारतीयों से अनुरोध किया है कि वे भी आमिर की फिल्मों का बहिष्कार करें। अमिताभ ठाकुर ने कहा कि ऐक्टर आमिर खान ने बेबुनियादी और अपमानजनक टिप्पणी की है।

अमिताभ ठाकुर ने कहा, ‘ऐक्टर आमिर खान की पूर्णतया बेबुनियादी और निश्चित रूप से अपमानजनक टिप्पणी के बाद मैंने अपने प्रतिरोध के एकमात्र संभव तरीके के रूप में निश्चय किया है कि मैं भविष्य में उनकी कोई भी फिल्म नहीं देखूंगा, क्योंकि उन्होंने अपने कथन से उस मुल्क के लिए गलत शब्दों का प्रयोग किया है, जो निश्चित रूप से विश्व के सबसे अधिक सहिष्णु स्थानों में है।’

गौरतलब है कि आठवें रामनाथ गोयनका सम्मान समारोह में आमिर ने जब असहिष्णुता के मुद्दे पर अपनी बात कही, तब वहां अरुण जेटली और राजीव प्रताप रूडी जैसे केंद्रीय मंत्री मौजूद थे।

आमिर खान ने कहा था कि देश का माहौल देखकर एक बार तो पत्नी किरण ने बहुत बड़ी और डरावनी बात कह दी थी।

किरण ने पूछा था कि क्या हमें देश छोड़ देना चाहिए? किरण बच्चे की हिफाजत को लेकर डर महसूस कर रही थीं।