
इस्लामाबाद : आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के मुखिया हाफिज सईद ने एक बार फिर भारत और भारतीयों के खिलाफ जहर उगला है। संयुक्त राष्ट्र के कश्मीर मामले पर भारत का साथ देने के मुद्दे पर हाफिज सईद संयुक्त राष्ट्र पर भी भड़का है।
आतंकी हाफिज ने कश्मीर मामले पर संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून को निशाने पर लिया है। उसने दुनिया के मुसलमान देशों की सरकारों से संयुक्त राष्ट्र का बहिष्कार करने और भारतीय राजदूतों को इन देशों से निकालने की अपील की है।
हाफिज सईद ने की सभी मुस्लिम देशों से अपील
आतंकवादी हाफिज सईद ने कहा, “अगर संयुक्त राष्ट्र के महासचिव कहें कि कश्मीर में जो कुछ भी चल रहा है, वह भारत का अंदरूनी मामला है, इसका मतलब यूएन ने भारत को जो चाहे वो करने का अधिकार दे दिया है। इसलिए हम दुनिया के 60 मुसलमान देशों की सरकार से अपील करते हैं कि यूएन जैसी संस्थाओं का बहिष्कार करें। साथ ही भारत के राजदूतों को अपने मुल्कों से बाहर फेंकें।”
हाफिज ने पाकिस्तानी सरकार की तरफ इशारा करते हुए कहा कि “इस काम का आगाज सबसे पहले तुम करो, भारत से अपना राजदूत बुलाओ और हिन्दुस्तान के राजदूत को यहां से बाहर निकालो। फिर 60 मुसलमान हुकूमतों से कहो कि इनसे व्यापारिक रिश्ते भी ख़त्म करें, साथ ही भारतीय कंपनियों को भगाओ।’
पाकिस्तान की सरकार से हाफिज सईद ने कहा कि तुम भारत से दोस्ती और बातचीत में लगे रहोगे और तुम्हारे कदमों में गुलामी की जंजीर जकड़ी रही तो कोई झगड़ा खत्म होगा न कोई हल निकलेगा।
आतंकी सईद ने कहा, ‘पाकिस्तान सरकार को ही कश्मीरियों के साथ खड़ा रहना पड़ेगा और जब तुम इनके साथ खड़े रहोगे तो मैं यकीन दिला रहा हूं की कश्मीर ही नहीं भारत तुम्हारे आगे हाथ फैला कर खड़ा होगा।’ उसने कहा कि मैंने जज़्बाती होकर यह बात नहीं कही बल्कि कुरान पढ़ कर कह रहा हूं।