पाकिस्तान के अस्पताल में धमाका, 55 लोगों की मौत

पाकिस्तान के क्वेटा के अस्पताल में सोमवार को हुए विस्फोट में 55 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। विस्फोट एक वकील की हत्या के बाद हुआ।
मृतकों में कम से कम 18 वकील हैं, जो अपने एक वरिष्ठ सहयोगी बिलाल अनवर कासी की हत्या के बाद अफ़सोस में अस्पताल पहुंचे थे। कासी की गोली मारकर हत्या की गई थी।

क्वेटा के अस्पताल में धमाका

‘डॉन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, बलूचिस्तान बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष बिलाल अनवर कासी की प्रांतीय राजधानी में सोमवार सुबह अज्ञात बंदूकधारियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस ने बताया कि विस्फोट उस समय हुआ जब कासी के पार्थिव शरीर को अस्पताल लाया गया। टेलीविजन रिपोर्ट में दिखाया गया है कि लोग अस्पताल से बाहर निकलने का प्रयास कर रहे हैं।
‘डॉन’ के अनुसार, क्वेटा के सभी अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया गया है। बलूचिस्तान के गृह मंत्री सरफराज बुग्ती ने कहा, “यहां सुरक्षा चूक रही है।”
उन्होंने कहा कि विस्फोट की प्रकृति के बारे में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। अस्पताल को पूर्व में किसी तरह की धमकी नहीं मिली थी।