Showing posts with label उत्तरप्रदेश. Show all posts
Showing posts with label उत्तरप्रदेश. Show all posts

विवादों मे घिरा (जलपरी) का अभियान

कानपुर से 570 किलोमीटर गंगा में तैरकर वाराणसी जाने का दावा करने वाली ‘‘जलपरी’’ के नाम से मशहूर श्रद्धा शुक्‍ला का अभियान विवादों में घिर गया है। 
राष्‍ट्रीय पुरस्‍कार विजेता फिल्‍मकार विनोद कापड़ी का आरोप है कि श्रद्धा देश के लोगों को भम्र में रखने की कोशिश कर रहीं है।वह अपने इस अभियान के दौरान ज्‍यादातर नांव पर ही रहती है।वह तैराकी के लिए उसी समय उतरती हैं ,जब या तो कोई घाट आने वाला होता है या आस-पास लोगो भीड़ ज्‍यादा हो।

फिल्‍मकार विनोद कापड़ी, श्रद्धा के अभियान को लेकर एक फिल्‍म ‘जलपरी’ बना रहे हैं। उन्‍होने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह इस अभियान की खबरों को लेकर उत्‍साहित होकर वह यहां  डॉक्‍यूमेंट्री फिल्‍म बनाने पहंचे थे,लेकिन जब वह जलपरी के अभियान में तीन दिन साथ रहें तो उन्हें निराशा हुई।उन्‍होनें कहा कि यह अभियान सिर्फ छलावा है इससे देश के लोगो को गुमराह किया जा रहा है।

कापड़ी ने कहा कि अब वह अपनी डॉक्‍यूमेंट्री में यह दिखायेंगे कि इस अभियान के दौरान जलपरी 80-100 किलोमीटर नही बल्कि सिर्फ 2-3 किलोमीटर ही तैरा करती थी। बाकी समय वह नांव मे बिताती है।दरअसल 80-100 किलोमीटर की जिस दूरी का दावा किया जाता है,वह नांव के चलने की दूरी होती है।

डॉक्‍यूमेंट्री मे जलपरी के साथ चल रहे नौका दल प्रमुख मान सिंह पासवान,पिंटू निषाद और राममिलन निषाद का इंटरव्‍यू लिया गया है।कापड़ी का दावा है कि तीनों ने ही इस डॉक्‍यूमेंट्री मे खुलासा किया है कि पहले दिन से ही लोगो को भ्रम मे रखने की कोशिश चल रही है,जिसे देखकर उन्‍हें अफसोस होता था लेकिन वह क्‍या कर सकते थे कोई उनसे बात ही नहीं  करता था।

कापड़ी ने कहा कि उन्‍हें बच्‍ची से हमदर्दी है। यह सब वो नही बल्कि उसके पिता कर रहे है।उन्‍होने कहा कि कई जगह बच्‍ची को गंगा मैय्या का अवतार मानकर लोग उसकी आरती उतार रहे हैं, उसके पैर तक छू रहें है।लाखों लोगो की आस्‍था और विश्‍वास को देखते हुए ही उन्‍होने सच सामने लाने का फैसला किया है।

वहीं श्रद्धा के पिता ललित शुक्‍ला का कहना है कि डॉक्‍यूमेंट्री बनाने वाले लोग उनकी ही नांव पर सवार थे,जिन्‍हे इलाहाबाद मे उतार दिया गया था,हो सकता है इसलिए वह ऐसे आरोप लगा रहे हों।

आठ लुटेरे इंजीनियर गिरफ्तार, दो करोड़ का सामान बरामद

मेरठ पुलिस ने दिल्ली रोड स्थित शॉपरिक्स मॉल के पास से आठ इंजीनियर को गिरफ्तार कर लूट का खुलासा किया है। इनके पास से रिलायंस के लूटे गए करीब दो करोड़ के माल बरामद किए गए हैं। डकैती डालने के बाद माल को इंजीनियर लुटेरे करोड़ों रुपयों में ऑनलाइन बेच रहे थे। मेरठ आईजी (जोन) सुजीत पांडे ने पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता करते हुए गुरुवार को एक बड़ा खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सूचना के आधार पर आठ इंजीनियरों को दिल्ली रोड स्थित शॉपरिक्स मॉल के पास से गिरफ्तार किया, जिनके पास से 4जी के महंगे उपकरण हैं।

उन्होंने बताया कि अभी बदमाशों के पास से 2 करोड़ के ही उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बताया कि सभी शातिर बदमाश आई कार्ड के साथ यूनिट पर जाकर रिलायंस के अधिकारी बनकर जांच करते थे। इस दौरान कर्मचारियों को बांधकर लूट करते थे।

तीन जगह लूट करने के बाद बदमाशों ने पल्लवपुरम में वारदात को अंजाम देने के लिए योजना तैयार कर ली थी। वे ऑनलाइन लूटे हुए उपकरण की बिक्री करते थे। बताया जा रहा है कि कई करोड़ के उपकरण विदेश भी बेचे गए हैं। पुलिस फिलहाल जांच कर रही है।

चुनाव के मद्देनजर संगठन मजबूत करने में जुटी सपा

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव-2017 की प्रक्रिया इस वर्ष के अंतिम माह में प्रारंभ होने की संभावना को देखते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) ने बूथ स्तर तक अपने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है।

समाजवादी पार्टी लगाएगी शिविर

समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा कि इसी के मद्देनजर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक सितंबर से सात सितंबर तक विधानसभा क्षेत्रवार बूथ कमेटियों के प्रभारियों तथा सदस्यों के प्रशिक्षण शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं।

इन शिविरों में बूथ कमेटी के सदस्यों को चुनाव की तैयारी के साथ मतदान के दिन उनके कर्तव्यों एवं दायित्वों की जानकारी दी जाएगी। बाढ़ प्रभावित जनपदों के क्षेत्रों के कार्यक्रम सुविधानुसार तिथियों में किए जा सकेंगे।

समाजवादी पार्टी द्वारा समस्त जिला/महानगर अध्यक्ष, महासचिव, सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक, राष्ट्रीय तथा राज्य कार्यकारिणी के पदाधिकारीगण, सदस्यगण, जिला पंचायत अध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्ष, प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष, विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी तथा प्रमुख नेतागण के नाम जारी परिपत्र में बूथ कमेटी के सदस्यों के माध्यम से प्रदेश में लागू विकास योजनाओं की जानकारी गांवो में जन-जन तक पहुंचाने को भी कहा गया है।

उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में औसतन 3 से 4 हजार तक बूथ कमेटियों के प्रभारी तथा सदस्य इन सम्मेलनों में शामिल होंगे। प्रदेश कार्यालय से प्रत्येक जनपद के लिए एक नेता को नामित किया गया है जो कार्यक्रम का संचालन करेगा। जिला व महानगर अध्यक्ष विधानसभा क्षेत्रवार कार्यक्रम तैयार कराकर इसे सफल बनाना सुनिश्चित करेंगे। क्षेत्रीय विधायक अथवा घोषित प्रत्याशी द्वारा विधानसभा अध्यक्ष के सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।

तय कार्यक्रम के अनुसार जनपद में एक दिन में केवल एक विधानसभा क्षेत्र में ही कार्यक्रम रखा जाएगा ताकि जनपद के सभी वरिष्ठ नेतागण प्रत्येक शिविर में शामिल हो सके। विधायकों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं की प्रगति से संबंधित होर्डिग तैयार कराकर लगवाएं ताकि समाजवादी सरकार की उपलब्धियों का अच्छा प्रचार-प्रसार हो सके।

मायावती पर फिर गरजे स्‍वामी, कहा- विस चुनाव के बाद चौथे नंबर पर होगी बसपा

उत्‍तर प्रदेश में बहुजन समाज पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए स्‍वामी प्रसाद मौर्या ने सोमवार को फिर बसपा सुप्रीमों पर जमकर अपनी भड़ास निकाली। उन्‍होने कहा कि यूपी में आगामी विधानसभा से पहले मायावती अकेली रह जाएंगी।

भाजपा में शामिल होने के बाद पहली बार मैनपुरी और एटा पहुंचे स्वामी के तेवर मायावती पर काफी आक्रामक थे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्‍होने कहा कि बसपा प्रदेश में एक नंबर की पार्टी थी।

हमारे इस्तीफा के बाद यह तीसरे पायदान पर पहुंच गई है। 2017 के चुनाव के बाद मायावती चौथे पायदान पर खड़ी होती दिखाई देगी। उन्‍होने कहा कि भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार होगी।

उन्होंने कहा कि मायावती को सिर्फ पैसा गिनना आता है। वह ना तो कार्यकर्ता का  सम्मान करना जानती है ना ही सरकार बनाना। जो पैसा दे देता है उसी को टिकट दे दिया जाता है।

मंदिर मुद्दे पर भी स्वामी प्रसाद मौर्य खुलकर बोले। उन्होंने कहा कि मंदिर मुद्दे पर जो अदालत का निर्णय है वही मान्य होगा। मैनपुरी के अलग अलग स्थानों पर स्वामी प्रसाद मौर्य का जोरदार ढंग से स्वागत हुआ।

उत्‍तर प्रदेश के 20 खिलाडि़यों को मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने किया सम्‍मानित

उत्‍तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को सीएम आवास पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाडिय़ों को सम्मानित किया।

सम्‍मानित होने वाले खिलाडि़यों में 11 महिला खिलाडिय़ों को रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार और नौ पुरुष खिलाडिय़ों को लक्ष्मण पुरस्कार से नवाजा गया। कुल 20 खिलाड़ी सम्‍मानित किए गए।

ओलंपिक में प्रतिभाग करने वाले खिलाडिय़ों को 10-10 लाख रुपये का चेक व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह में पद्मश्री स्व. मोहम्मद शाहिद की पत्नी परवीन और बेटे सैफ ने पुरस्कार प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने रानी लक्ष्मीबाई व लक्ष्मण पुरस्कार प्राप्त करने वाले खिलाडिय़ों को तीन लाख 11 हजार रुपये का चेक, प्रशस्ति पत्र व कांस्य प्रतिमा प्रदान किया। समारोह में क्रिकेटर सुरेश रैना व दीप्ति पुरस्कार लेने नहीं पहुंच सके।

वर्ष 2014 के लिए लक्ष्मण पुरस्कार पाने वाले खिलाडि़यों में  मुहम्मद शाहिद हॉकी (वाराणसी) विजय सिंह चौहान एथलेटिक्स (लखनऊ) सचिन कुमार भारद्वाज हैंडबाल (मऊ), अंशू तोमर कुश्ती (बागपत), मनु अत्री बैडमिंटन (मेरठ), आदित्य सिंह राणा जिमनास्टिक (इलाहाबाद) शामिल रहे जबकि रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार पाने वाली महिला खिलाडि़यों में पूनम यादव भारोत्तोलन (वाराणसी), सीमा पुनिया एथलेटिक्स (मेरठ), सिमरन भारती साफ्ट टेनिस (लखनऊ), अंशू तोमर कुश्ती (बागपत), ऋतुषा आर्या हॉकी (इलाहाबाद) सम्‍मानित हुए। वर्ष 2016-17 के लिए लक्ष्मण पुरस्कार पाने वालों में कमलेश कुमार शुक्ला साफ्टटेनिस (गोरखपुर), अनुभव प्रताप सिंह शूटिंग (मेरठ), सुरेश रैना क्रिकेट (गाजियाबाद), सुजीत कुमार श्रीवास्तव हॉकी (लखनऊ) और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्‍कारों में प्रियंका सिंह कुश्ती (मेरठ), योगिता कुमारी साफ्ट टेनिस (इलाहाबाद), श्रृष्टि अग्रवाल हैंडबाल (इलाहाबाद), दीप्ति शर्मा क्रिकेट (आगरा) पुष्पा श्रीवास्तव हॉकी (इलाहाबाद)।

उत्‍तर प्रदेश के खिलाडि़यों को सरकार का सम्‍मान

रैना दलीप ट्राफी के कारण समारोह में नहीं आए, जिनका पुरस्कार उनके भाई दिनेश रैना ने प्राप्त किया। वहीं महिला क्रिकेटर दीप्ति शर्मा बेंगलुरु कैंप में होने के कारण सम्मान समारोह में शामिल नहीं हो सकीं। दीप्ति के भाई ने पुरस्कार प्राप्त किया। जीतू राई भी दिल्ली में होने के कारण उपस्थित नहीं हो सके।

पुरस्कार वितरण के दौरान एशियन गेम्स में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाली सुधा सिंह ने मुख्यमंत्री से सरकारी नौकरी की मांग की। सुधा ने ओलंपिक में भी प्रतिभाग किया था। उन्होंने मुख्यमंत्री को अपना बायोडाटा सौंप दिया और खेल विभाग में नौकरी दिलाने की बात कही।

रियो ओलंपिक में मेरठ के संदीप तोमर ने कुश्ती में, बुलंदशहर के मेराज अहमद और लखनऊ के जीतू राई ने निशानेबाजी में, मेरठ के मनु अत्री ने बैडमिंटन में, रायबरेली की सुधा सिंह, मेरठ की सीमा पुनिया और आगरा के अंकित शर्मा एथलेटिक्स में, इलाहाबाद के दानिश मुज्तबा, मेरठ की वंदना कटारिया और गोरखपुर की प्रीति दुबे ने हॉकी में देश का प्रतिनिधित्व किया था। इन सभी खिलाडिय़ों को पुरस्कृत किया गया।

आरुषि-हेमराज हत्याकाण्ड नूपुर तलवार को मिली तीन हफ्तों की पैरोल

नोएडा के बहुचर्चित आरुषि-हेमराज हत्याकाण्ड में उम्रकैद की सजा काट रही आरुषि की मां नूपुर तलवार को हाईकोर्ट से सोमवार को तीन हफ्ते की पैरोल मिली है| सीबीआई कोर्ट ने बेटी और नौकर के सनसनीखेज़ हत्याकाण्‍ड में तलवार दंपति को दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई है। नूपुर ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में पैरोल पर रिहाई की अर्जी लगाई थी, जिसे मंजूर कर लिया गया है।

नूपुर को यह पैरोल ट्रायल कोर्ट के फैसले के खिलाफ हाईकोर्ट में दाखिल अपील की तैयारी के लिए मिली है। सितंबर के अंतिम हफ्ते में उनकी अपील पर सुनवाई होनी है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के जस्टिस वीके नारायण की बेंच ने पैरोल पर रिहाई का आदेश दिया है। सितंबर में तलवार की अपील पर डे-टू-डे बेसिस पर सुनवाई होगी।

हत्‍याकांड के पांच साल बाद हुई थी सज़ा

मई 2008 में अपनी बेटी और घरेलू नौकर की हत्या का दोषी पाए जाने पर नवंबर 2013 में डॉ. राजेश तलवार और डॉ. नूपुर तलवार को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी. फैसला सुनाए जाने के तत्काल बाद तलवार दंपति को गाजियाबाद की डासना जिला जेल भेज दिया गया था।

जस्टि‍स श्याम लाल ने सबूतों को मिटाने के लिए तलवार दंपति को इसके अलावा पांच वर्ष की अतिरिक्त सजा सुनाई थी। साथ ही जांच के दौरान गलत सूचना देने के लिए उन्होंने राजेश तलवार को एक साल की अतिरिक्त सजा सुनाई थी।