
गोरक्षा के नाम पर हो रही गुंडागर्दी पर एक ओर जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कड़े बयान दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उनके विरोधी उनके बयान को अपनी जीत और उनकी हार बता रहे हैं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने रविवार को भी उन पर तीखे तंज कसे है। From Livewebdunia.blogspot.com
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि यह सत्य की विजय और पाखंड की पराजय है। उन्होंने कहा कि लगता है कि मेरे द्वारा दो दिनों पहले कही गई बात मोदी जी को अच्छे से समझ आ गई है। वो समझ गए हैं कि गाय दूध देती है, वोट नहीं। और समझ भी क्यों न आए, गोमाता इनकी सरकार बनवाना तो दूर, बनी बनाई सरकारों को हिला रही है। ये हमारी जीत और उनकी हार है।
लालू यहीं नहीं रुके। उन्होंने अपने एक पोस्ट में लिखा है कि जो हाल इन तथाकथित स्वयं घोषित राष्ट्रवादी रक्षकों ने गो माता का किया है, वही गंगा-मैया का भी करेंगे। कहां है आरएसएस? लालू ने इससे पूर्व भी प्रधानमंत्री मोदी से अपने एक पोस्ट में कहा था कि आप प्रधानमंत्री हैं और आप ही ऐसे लोगों के डोजियर तैयार करवाइए।
मालूम हो कि मोदी ने राज्य सरकारों से गोरक्षकों का डोजियर तैयार करने की अपील करते हुए कहा कि इनमें से 70 फीसदी ऐसे निकलेंगे, जिनकी गतिविधियों को समाज स्वीकार नहीं करता है।