
भारत ने पाकिस्तान को एक और बड़ा झटका दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पाकिस्तान के साथ कश्मीर मुद्दे पर किसी भी तरह की बातचीत की पेशकश ठुकरा दी है। इससे कूटनीतिक स्तर पर पाक को एक करारा झटका लगा है। गौरतलब है कि हाल ही में पाकिस्तान ने भारत को 'कश्मीर मुद्दे पर विशेष वार्ता' का प्रस्ताव दिया था।
सूत्रों की मानें तो इस्लामाबाद में पाकिस्तान के विदेश सचिव एजाज चौधरी से मुलाकाम कर भारतीय उच्चायुक्त ने जवाब सौंपा और प्रस्ताव को ठुकरा दिया। सोमवार को पाकिस्तान के विदेश सचिव ने इस्लामाबाद में भारत के हाई कमिश्नर गौतम बंबेला को विदेश सचिव एस जयशंकर के नाम से एक पत्र सौंपा था। इसमें जयशंकर को मम बुलाया गया था ताकि जम्मू कश्मीर पर बात की जा सके।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह बात साफ शब्दों में कही थी कि पाकिस्तान से अब जब भी बात होगी तो कश्मीर पर नहीं बल्कि पीओके पर होगी। उन्होंने कहा कि कश्मीर ही नहीं बल्कि पीओके भी भारत का हिस्सा है।
भारत की ओर से यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जबकि 15 अगस्त से लेकर अब तक भारत पड़ोसी देश को सियासी से लेकर कूटनीतिक स्तर पर लगातार झटके दे रहा है। सबसे पहले पीएम मोदी लाल किले की प्राचीर से बलूचिस्तान और गिलगित का जिक्र कर पाकिस्तान की परेशानी बढ़ाई, जिसके बाद वित्त मंत्री अरुण जेटली ने इस्लामाबाद में आयोजित सार्क सम्मलेन में हिस्सा लेने से इनकार कर दिया।