
गोमती नगर थाना क्षेत्र में समाजवादी पार्टी (सपा) नेता मनीष गिरी उर्फ मिंटू बाबा की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी गयी है। सपा नेता की हत्या से राजधानी में हड़कंप मच गया है।
हत्या की वजहों का अभी पता नहीं चल सकी है लेकिन पुलिस शुरुआती जांच में हत्या के पीछे अवैध संबंधों को लेकर छनबीन में जुटी है।
सपा नेता की हत्या से मचा हड़कम्प
जानकारी के मुताबिक मनीष गिरी जौनपुर के निवासी हैं और लखनऊ में समाजवादी लोहिया वाहनी के नगर महासचिव थे। यहां वे गोमतीनगर में अपनी तीन बहनों और एक भाई के साथ रहते थे।
मनीष गोमतीनगर में छत्तीसगढ़ के रहने वाले मजदूर के घर आते जाते थे। सोमवार रात को भी वह उसी मजदूर के यहां गए थे, जहां उनकी कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद मजदूर और उसकी पत्नी मौके से फरार हैं। जिनकी तलाश पुलिस कर रही है।
वारदात की जानकारी पाकर सीओ गोमतीनगर सत्यसेन यादव सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और डॉग स्क्वॉयड व फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को बुलवाकर साक्ष्य एकत्र किए।
सीओ ने बताया कि जिस प्लॉट में मनीष की हत्या हुई, वहां से करीब 100 मीटर दूर ही उसका टिंबर स्टोर है। पुलिस टीम टिंबर स्टोर पहुंची तो वहां मनीष की कार खड़ी मिल गई। स्टोर की छानबीन में पुलिस को शराब की खाली बोतलें और नमकीन के पैकेट मिले।