
कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान के लगातार दोहरे रवैया से भारत परेशान होता दिख रहा है। पीएम मोदी द्वारा बलूचिस्तान का मुद्दा उठाने पर तिलमिलाया पाकिस्तान अब कश्मीर मुद्दे पर मुस्लिम देशों को अपने साथ लामबंद कर रहा है। 57 सदस्यों वाले ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इस्लामिक कोऑपरेशन ने कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान का साथ दिया है। इस संगठन ने कहा है कि कश्मीर में मानवाधिकारों के उल्लंघन का मामला भारत का आंतरिक मामला नहीं है।
इस संगठन को दुनिया में मुस्लिम देशों का सबसे बड़ा संगठन माना जाता है। इसने कश्मीर मानवाधिकारों के हनन पर चिंता जताई है। पाकिस्तान इस संगठन के महासचिव इयाद अमीन मदनी के बयान के बाद खुश है। लेकिन उसकी खुशी को भारत के गृहमंत्री राजनाथ सिंह के एक बयान ने गायब कर दिया है। राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को साफ तौर पर चेतावनी दी है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तान भारत के सब्र का इम्तिहान लेना बंद करे। भारत के सब्र का बांध कभी भी टूट सकता है। राजनाथ ने कहा कि पाकिस्तान कश्मीर में अस्थिरता फैलाने से बाज नहीं आ रहा है। अगर पाकिस्तान भारत के सब्र का इम्तिहान लेता रहेगा तो उसे भारी कीमत चुकानी पड़ सकती है। भारत के मुसलमान देश की रक्षा के लिए अपने खून की आखिरी बूंद बहा देंगे।
कश्मीर में आतंकी बुरहान वानी की मौत के बाद से पाकिस्तान लगातार अशांति फैला रहा है। वो कश्मीर के मुद्दे पर भारत को घेरने की कोशिश कर रहा है। 15 अगस्त को पीएम मोदी ने लाल किले से पाक अधिकृत कश्मीर का जिक्र किया था। उसके बाद से भारत ने पाकिस्तान से कहा है कि अब दोनों देशों के बीच कश्मीर पर नहीं बल्कि पाक अधिकृत कश्मीर पर होगी। भारत के सख्त रूख के कारण ही पाकिस्तान बिलबिलाया घूम रहा है।