
इलाहाबाद. सिकंदराबाद से पटना की ओर जाने वाली ट्रेन में एक लड़की के साथ छेड़छाड़ करने वाले सेना के जवान को इलाहाबाद स्टेशन पर गिरफ्तार कर लिया गया। छेड़खानी की यह शिकायत बिहार के पर्यटन मंत्री ने की थी।
जानकारी के अनुसार, पटना की ओर जा रही लड़की जिस कोच में सफर कर रही थी, उसी कोच में सेना का जवान व एक लड़की भी यात्रा कर रही थी। रविवार को जब ट्रेन आधारताल स्टेशन के पास पहुंची, तो सेना का जवान कोच में बैठी लड़की से अभद्र व्यवहार करने लगा। लड़की के साथ जवान द्वारा की जा रही इस हरकत को मंत्री जी देख रहे थे। उन्होंने तत्काल मामले की शिकायत जीआरपी से की।
रविवार को ट्रेन इलाहाबाद स्टेशन पहुंचने से पहले ही जीआरपी व आरपीएफ के जवान संबंधित प्लेटफार्म पर तैनात हो गए। ट्रेन जैसे ही प्लेटफार्म पर रूकी, वैसे ही जीआरपी व आरपीएफ के जवानों ने छेड़खानी करने वाले सेना के जवान को धर दबोचा। जीआरपी थाना प्रभारी मनोज सिंह के अनुसार पकड़ा गया आरोपी संजीत कुमार वैशाली जिले का रहने वाला है। जवान की गिरफ्तारी के बाद तत्काल लड़की ने जीआरपी में रिपोर्ट दर्ज कराई।
तहरीर के बाद आरोपी को जीआरपी ने थाने लाया। इसके बाद आईपीसी की धारा 354 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इसके बाद उसे जेल भेज दिया गया। मालूम हो कि ट्रेन में इसके पहले भी कई बार छेड़खानी के मामले सामने आए हैं। जिसकी शिकायत मिलते ही जीआरपी व आरपीएफ की ओर से कई महत्वपूर्ण कदम भी उठाए गए हैं।