
पाक अधिकृत कश्मीर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का साहसी बयान सामने आने के बाद अब उनके एक मंत्री ने पाकिस्तान से पंगा ले लिया है। केन्द्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि एक आजादी की लड़ाई अभी बाकी है। अपने भाई जो पाक अधिकृत कश्मीर में हैं, उन्हें स्वतंत्र कराना है। पाकिस्तान से सटे सांबा जिले में तिरंगा यात्रा की शुरुआत करते हुए जितेंद्र सिंह का यह बयान दिया।
जितेंद्र सिंह उधमपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं और सांबा उनके ही संसदीय क्षेत्र में आता है।
बता दें कि गुरुवार को सर्वदलीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर भी भारत का हिस्सा है।
कश्मीर मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस बयान पर सभी दलों ने सहमति जताई थी।
तिरंगा यात्रा
14 अगस्त को गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू भी लद्दाख से तिरंगा यात्रा निकालेंगे।
गृह राज्यमंत्री के दौरे की सुरक्षा को लेकर विशेष टीमें लेह पहुंच गई है।
किरण रिजिजू सांसद थुप्स्तन छिवांग व लेह हिल काउंसिल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोनम दावा के साथ लेह मे यात्रा का शुभारंभ करेंगे।
स्वतंत्रता दिवस के दिन जम्मू में सांसद जुगल किशोर शर्मा पार्टी मुख्यालय से तिरंगा यात्रा की शुरुआत करेंगे।