दयाशंकर बोले- मायावती में हिम्मत है, तो मेरी बीवी के खिलाफ चुनाव लड़कर दिखाएं

बसपा सुप्रीमो मायावती को अपशब्द कहने वाले बीजेपी से निलंबित दयाशंकर सिंह ने मायावती को चुनौती दी कि अगर उनमें हिम्म्त है तो वो उनकी पत्नी स्वाति सिंह के खिलाफ चुनाव लड़कर दिखाएं. मऊ जेल से रिहा होकर रविवार को लखनऊ पहुंचे दयाशंकर सिंह ने बाकायदा प्रेस कांफ्रेंस करके मायावती को यह चुनौती दी. प्रेस कॉन्फ्रेंस में दयाशंकर सिंह की पत्नी स्वाति सिंह उन के साथ बैठी थी.
बसपा के नेताओं पर कार्रवाई नहीं
दयाशंकर सिंह ने कहा कि उन्होंने भूल से मायावती के लिए गलत शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसका खामियाजा उन्हें पार्टी से निकलकर और जेल जाकर चुकाना पड़ा. लेकिन सरेआम चौराहे पर उनकी 12 साल की बेटी , पत्नी और 80 साल की मां को अपशब्द कहने वाले बसपा के नेता खुले में घूम रहे हैं और समाजवादी पार्टी सरकार उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है.

पुलिस पर कार्रवाई न करने का लगाया आरोप
दयाशंकर सिंह ने आरोप लगाया कि नसीमुद्दीन सिद्दीकी के खिलाफ ठोस सबूत होने के बावजूद लखनऊ पुलिस उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है क्योंकि शायद समाजवादी पार्टी को मुस्लिम वोट बैंक के नाराज होने का डर है.