Showing posts with label बिजनेस. Show all posts
Showing posts with label बिजनेस. Show all posts

अक्टूबर में लाॅन्च होगी हुंडई की नई ट्यूसाॅन

हुंडई ने नई एलांट्रा की लॉन्चिंग के साथ ही नई ट्यूसॉन एसयूवी के आने के बारे में भी संकेत दे दिए हैं। नई ट्यूसॉन को अक्टूबर में लॉन्च किया जाएगा। लॉन्चिंग के बाद इसका मुकाबला होंडा सीआर-वी और स्कोडा येती से होगा। इसकी संभावित कीमत 16-18 लाख रूपए होगी।

नई ट्यूसॉन का कॉन्सेप्ट फरवरी में आयोजित ऑटो एक्सपो-2016 में दिखाया गया था। उस समय हुंडई ने नई ट्यूसॉन को भारत में एसेंबल कर बेचने की बात कही थी। कार के 50 फीसदी पार्ट्स भारत में तैयार होंगे। इसे क्रेटा औरसेंटा-फे के बीच पोजिशन किया जाएगा।

ट्यूसॉन एसयूवी को कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा जा चुका है। यह देखने में पुरानी ट्यूसॉन से एकदम अलग है। संभावना है कि नई ट्यूसॉन में प्रोजेक्टर हैडलैंप्स, एलईडी डीआरएलएस, टेल लाइटें, पैनारोमिक सनरूफ, पावर एडजस्टेबल सीट और इलेक्ट्रिक टेलगेट जैसे फीचर मिलेंगे। इसके अलावा नई ट्यूसॉन में स्टीयरिंग माउंटेड कंट्रोल्स, टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम के साथ नेविगेशन, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, क्रूज़ कंट्रोल और वेंटिलेटेड सीट जैसे फीचर भी दिए जाने की संभावना है।

पावर स्पेसिफिकेशन की बात करें तो नई ट्यूसॉन को 1.6 लीटर पेट्रोल और 2.0 लीटर डीज़ल इंजन में उतारा जा सकता है। गियर ट्रांसमिशन के लिए मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों का विकल्प मिलेगा। अटकलें हैं कि भारत आने वाली ट्यूसॉन एसयूवी में 4 व्हील ड्राइव की सुविधा भी मिलेगी।

इस दिवाली पर लॉन्च होगी मारूति सुज़ुकी इग्निस

मारूति सुज़ुकी ने इग्निस की लॉन्चिंग को लेकर चल रही सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। कंपनी ने साफ किया है कि इसकी लॉन्चिंग निर्धारित समय पर ही होगी, इसे टाला नहीं जाएगा। कंपनी ने इसे दिवाली के आसपास लॉन्च करने की योजना बना रखी है। ऑटो सेक्टर में चर्चाएं थी कि इग्निस की लॉन्चिंग इस साल टल सकती है और इसे साल 2017 में उतारा जाएगा।

इग्निस को सबसे पहले फरवरी में आयोजित इंडियन ऑटो एक्सपो-2016 में पेश किया गया था। लॉन्चिंग के बाद इसका मुकाबला महिन्द्रा की केयूवी-100 से होगा। इसकी बिक्री मारूति की प्रीमियम डीलरशिप नेक्सा के जरिये होगी। नेक्सा आउटलेट पर फिलहाल मारूति की बलेनो हैचबैक और क्रॉसओवर एसयूवी एस-क्रॉसबिक्री के लिए उपलब्ध है।

इग्निस को आकर्षक स्टाइल और उपयोगी फीचर्स से लैस किया गया है। इसमें ऊंचा ग्राउंड क्लीयरेंस, बड़ी रियर विंडशील्ड, मजबूत डिजायन और प्रोजेक्टर हैडलैंप्स जैसे व्यवहारिक और आधुनिक फीचर दिए गए हैं। इसके फ्रंट डिजायन को काफी बारीकी से तैयार किया गया है। यहां डे-टाइम रनिंग एलईडी लाइट्स, चौड़े व्हील आर्च और बी-पिलर पर ब्लैक फिनिशिंग दी गई है। पीछे की तरफ दो भागों में बंटे बड़े टेललैंप्स और पिछले बम्पर पर भी क्लेडिंग दी गई है।

पावर स्पेसिफिकेशन के बारे में कंपनी ने कोई खुलासा नहीं किया है। संभावना है कि इसमें 1.0 लीटर का बूस्टरजेट पेट्रोल इंजन मिलेगा। जो 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स से जुड़ा होगा। चर्चाएं हैं कि आने वाले समय में इसमें डीज़ल इंजन का विकल्प भी दिया जा सकता है।