गाय पालने वाले किसानों ने फर्जी गोरक्षकों पर लगाया वसूली का आरोप

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जिन फर्जी गोरक्षकों को पिछले दो दिन में दो बार फटकार लगा चुके हैं. इस फर्जी गोरक्षकों से पंजाब के किसान भी परेशान हैं. डेयरी फार्मिंग में लगे किसानों का आरोप है कि गोरक्षकों की दहशत ने उनकी रोजी-रोटी को संकट में डाल दिया है.
लुधियाना से 50 किलोमीटर दूर जगराओ के किसानों का आरोप है कि ऐसे फर्जी गोरक्षक किसानों को ब्लैकमेल करके हर महीने लाखों की वसूली कर रहे हैं.
पंजाब में गोरक्षा के नाम पर वसूली की दुकान चलाए जाने की बात स्थानीय राजनीति से जुड़े लोग भी मानते हैं. गाएं पालने वाले किसान वसूली के इस धंधे से बेहद परेशान हैं. अब उनके संगठन प्रोग्रेसिव डेयरी फॉर्मर एसोसिएशन ने जिला प्रशासन और पंजाब सरकार से इसकी शिकायत करने का फैसला किया है.
डेयर फॉर्मिंग से जुड़े किसानों का कहना है कि अगर सरकार ने जल्द ही ऐसे फर्जी गोरक्षकों पर कड़ी कार्रवाई नहीं की, तो उनकी रोजी-रोटी संकट में पड़ जाएगी और वो सड़कों पर उतरने को मजबूर हो जाएंगे.
इस बीच पंजाब गौरक्षा दल के प्रमुख सतीश कुमार ने जबरन वसूली या मारपीट के आरोपों को गलत बताया है. सतीश कुमार के खिलाफ राजपुरा पुलिस ने केस तो दर्ज कर लिया है, लेकिन उन्हें अब तक गिरफ्तार नहीं किया गया है.