
समाज में असंवेदनशीलता कितनी बढ़ती जा रही है, इसका एक नजारा दिल्ली के सुभाष नगर इलाके में देखने को मिला। इस इलाके में बुधवार की सुबह लगभग पौने छह बजे सीसीटीवी कैमरे में एक एक्सीडेंट के फुटेज कैद हुए जो समाज को आईना दिखाने वाले हैं। मतिबुल नाम का व्यक्ति अपनी नाईट ड्यूटी खत्म करके सुभाष नगर से पैदल डीडीयू हॉस्पिटल की ओर अपने घर जा रहा था। इस दौरान पीछे से आए एक तेज रफ्तार टैम्पो ने उसे जोरदार टक्कर मारी। इससे वह सड़क पर गिर गया।
ड्राइवर ने उतरकर कुछ देर उसे देखा और फिर टैम्पो लेकर भाग गया। इतना ही नहीं उधर से गुजर रहा एक आदमी रिक्शे उतर कर घायल के पास पहुंचता है और उसका मोबाइल फोन लेकर भाग जाता है। उस समय सड़क पर लोग गुजर रहे थे लेकिन किसी ने भी घायल को उठाने या अस्पताल पहुंचाने की हिम्मत नहीं दिखाई।
जब तक पुलिस वहां आयी और उसे अस्पताल पहुंचाया जब तक उसकी मौत हो चुकी थी।पुलिस के मुताबिक मृतक पश्चिम बंगाल का रहने वाला था। उसकी तीन बेटियां हैं। दिल्ली में वह अकेला रहता था वो दिन में ई-रिक्शा चलने के बाद रात में चौकीदारी का काम भी करता था।