
पीएम नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड में बाढ़ से बिगड़ते हालात पर चिंता जताई और वादा किया कि राहत और बचाव अभियानों के लिए केंद्र से पूर्ण सहायता दी जाएगी।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मोदी ने यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से बात की।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि गृहमंत्री राजनाथ सिंह स्थिति पर करीब से नजर रखे हुए हैं और उन्होंने स्थिति का जायजा लेने के लिए पांच राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की है ।
पीएम नरेंद्र मोदी ने किया ट्वीट
मोदी ने एक ट्वीट में कहा, मैं उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, राजस्थान और मध्य प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा और कुशलक्षेम के लिए प्रार्थना करता हूं। उन्होंने कहा, केंद्र राहत और बचाव अभियानों में पूर्ण मदद का आश्वासन देता है। मैं प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति के जल्द से जल्द सामान्य होने की उम्मीद करता हूं।