आगरा रैली के बाद मायावती को लगा झटका, पूर्व मंत्री और बड़े नेता ने छोड़ी पार्टी, लगाए गंभीर आरोप

विधानसभा चुनाव से पहले बसपा को एक के बाद एक बड़ा झटका लग रहा है। पहले स्वामी प्रसाद मौर्या फिर आरके चौधरी और रबींद्र नाथ त्रिपाठी अौर अब बसपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मतेश सोनकर ने पार्टी को अलविदा कह दिया है। मतेश सोनकर को बसपा का कद्दावर नेता माना जाता है।

मायावती पर लगाए आरोप

मतेश सोनकर ने अपने सैनी स्थिति आवास पर बैठक बुलाई। इस बैठक में उन्होंने बसपा सुप्रीमो पर गंभीर आरोप लगाए। कहा, बसपा दौलतवालों की पार्टी है। पैसे लेकर टिकट दिए जा रहेे हैं। सिराथू सीट से भी पार्टी सुप्रीमो ने स्थानीय कार्यकर्ताओं की भावना के विपरीत बाहरी प्रत्याशी थोप दिया है।

बसपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्य मंत्री मतेश चंद्र सोनकर ने कहा कि बसपा अब मिशन से भटक दौलत मंदों की पार्टी बनकर रह गई है। पार्टी कार्यकर्ता दिन रात मेहनत करता है।

इसका लाभ पहले पार्टी कार्यकर्ताओं को मिलता था। पर, आज के हालात बद से बदतर हो गए हैं। पैसे वाले मुंह मांगी रकम फेंक टिकट हासिल कर लेते हैं। इससे पार्टी के लिए खून-पसीना बहाने वाला कार्यकर्ता स्वयं को ठगा सा महसूस करता है।

मतेश सोनकर ने कहा कि सिराथू सीट से इलाहाबाद के करैली निवासी सईदुर रब को टिकट दिया गया है। हर सीट पर टिकट बेचा जा रहा है।