रोज सुबह पत्नी के पांव छूते थे मंत्रीजी, स्कैंडल में फंसे तो 30 मिनट में नप गए!

सेक्स स्कैंडल में फंसे दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री संदीप कुमार पर पार्टी ने कार्रवाई मजह 30 मिनट के भीतर की। संदीप कुमार ने कहा था कि वे रोज सुबह उठकर पत्नी के पैर छूते हैं। लेकिन सेक्स स्कैंडल में दो महिलाओं के साथ उनकी सीडी आते ही उन पर गाज गिर गई। कुछ ही देर में वो शख्स भी सामने आ गया जिसने यह सीडी सार्वजनिक की है।

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि आप सरकार के मंत्री संदीप कुमार की आपत्तिजनक सीडी मुख्यमंत्रीजी को मिलने के आधे घंटे के भीतर उनको हटा दिया गया। सिसोदिया ने कहा कि हमारी पार्टी उसूलों की पार्टी है। कोई भी दाग पार्टी बर्दाश्त नहीं कर सकती। पहले भी एक मंत्री की रिश्वत लेने की बात आई थी। उनको भी तुरंत हटा दिया गया था। हमारी पार्टी जीरो टोलेरेंस पर काम करती है। आज एक मंत्री को हटाया है, जो भी कोई ऐसा काम करेगा उसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, चाहे अरविन्द केजरीवाल हों या और कोई।

वहीं आप नेता दिलीप कुमार पांडेय ने ट्वीट कर भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि निहाल चंद, अमित शाह, वसुंधरा राजे, पंकजा मुंडे, येदुरप्पा जैसे लोग बीजेपी के नगीने हैं। आप कोई समझौता नहीं करती।

केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आप में रोज नाटक होते हैं। देश की राजनीति में नैतिकता का दंभ भरने वाली पार्टी का अब क्या हाल है, सब देख रहे हैं। यह रोज पीएम पर आरोप लगाने वाली पार्टी है। दिल्ली के लोग विचार करें। 70 में से 67 सीटें दी थीं। आखिर इनका क्या परफॉरमेंस है।

कांग्रेस नेता शर्मिष्ठा मुखर्जी ने कहा कि पिछले डेढ़ साल में आप सरकार अलग-अलग विवादों में फंसती जा रही है। जहां तक मुझे याद है कि यही संदीप कुमार जी बोलते थे कि सुबह उठके अपनी पत्नी के पांव छूता हूं। केजरीवाल जी ने संदीप कुमार के खिलाफ तो एक्शन ले लिया, लेकिन हम देखना चाहते हैं कि अन्य नेताओं के खिलाफ जो आरोप हैं, उनका क्या होगा। हम चाहते हैं इनकी जांच हो। वहीं स्वाति मालीवाल ने कहा कि संदीप कुमार ने जो किया, वह दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। ऐसे लोग मंत्री पद की गरिमा को गिराते हैं।

कांग्रेस नेता शोभा ओझा ने इस मामले पर कहा कि आप के कई नेता हटाए गए हैं, क्यूंकि उनका बैकग्राउंड ठीक नहीं था। जब आप पार्टी बनी थी तब इस बात का दावा किया जा रहा था कि वह साफ़ सुथरी पार्टी है। यह सब आब खुद दिख रहा कि आप कैसी पार्टी है। दरअसल यह अली बाबा और 40 चोर की कमेटी है।

इस बीच बताया जा रहा कि यह सीडी एक ओमप्रकाश नाम के शख्स ने दी है। इस पूरे मामले को खोलने में इस शख्स ओमप्रकाश का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। ओमप्रकाश खुद को कांग्रेस का ब्लॉक स्तर का नेता बता रहा है। ओमप्रकाश का दावा है कि किसी अंजान शख्स ने ये सीडी उसे दी है और इलाके के पूर्व विधायक के साथ वो ये सीडी लेकर शिकायत करने एलजी के पास गया था।